राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत दीदग में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत करीब 1 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य करवाने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए आयोजित विशेष ग्राम सभा में ग्रामीणों ने सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से सहमति जताई।
ग्राम सभा की अध्यक्षता पंचायत प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर ने की। बैठक में पंचायत के मौजा दीदग खनोटियो के वार्ड 2 दीदग और जेलग खनोटियो वार्डों के ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने भाग लिया और आवश्यक कोरम पूरा किया।
प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना की जानकारी देते हुए कहा कि पंचायत को मॉडल एवं आदर्श पंचायत बनाने के लिए जनसहभागिता जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों में सहयोग देने का आह्वान किया।
ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना और वीबी जीरामजी (विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन-ग्रामीण) योजना के समन्वय से करीब 1 करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाई गई। इसमें सामुदायिक भवन, स्थानीय पत्थरों से रास्तों का निर्माण, स्कूल भवन की छत की मरम्मत और सोलर लाइटें लगाने सहित विभिन्न विकास कार्य शामिल किए गए हैं।
प्रधान वेद प्रकाश ठाकुर ने कहा कि स्वीकृत विकास कार्यों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनसहयोग के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीदग पंचायत को आदर्श पंचायत बनाने के लिए प्रत्येक ग्रामीण की भागीदारी आवश्यक है।
