नाहन : गर्भावस्था के दौरान बेहतर पोषण और स्वास्थ्य देखभाल को लेकर इनरव्हील क्लब ऑफ नाहन क्लासिक, डिस्ट्रिक्ट 308 की ओर से H.O.R.D- The Ultrasound Clinic में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। “Nourishing Mothers, Nurturing Tomorrow” अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं को स्वस्थ खान-पान, नियमित स्वास्थ्य जांच और सुरक्षित मातृत्व से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं को गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, समय पर प्रसवपूर्व जांच करवाने, नियमित स्वास्थ्य निगरानी, सुरक्षित प्रसव और स्तनपान के महत्व के बारे में बताया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को पोषण सहयोग के रूप में दलिया, फल और सत्तू भी वितरित किए गए।
सलाहकार प्रगति सबलोक ने महिलाओं को आसानी से तैयार होने वाली पौष्टिक और स्वास्थ्यवर्धक रेसिपीज की जानकारी दी। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान उचित खान-पान को मां और शिशु दोनों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में समय पर अल्ट्रासाउंड, भ्रूण की निगरानी और नियमित प्रसवपूर्व जांच के महत्व पर भी जानकारी साझा की गई। महिलाओं को बताया गया कि गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य जांच से मां और शिशु के स्वास्थ्य की बेहतर निगरानी की जा सकती है।
इस अवसर पर सचिव अलका जुनैजा, रचना ठाकुर, अंजना, रूबी सोलंकी और दलजीत कौर मौजूद रहीं। क्लब की ओर से आयोजित इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
