नाहन : जिला मुख्यालय नाहन में बस स्टैंड पर 60 वर्षीय व्यक्ति का पिठ्ठू बैग चोरी करने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी सतवंत सिंह (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद मामले में तीन अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। पुलिस ने चोरी किए गए बैग, SBI बैंक की पासबुक, चेक बुक और 14 हजार रुपये की नकदी समेत पूरा सामान बरामद कर लिया है।
7 अगस्त को दर्ज हुआ था मामला
पुलिस के अनुसार 7 अगस्त 2026 को बीर सिंह (60) निवासी गुंडाह क्यारी ने सदर थाना नाहन में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया कि शाम करीब 5 बजे जब वह बस स्टैंड पर थे तो इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका काले रंग का पिठ्ठू बैग चोरी कर लिया। बैग में SBI बैंक की पासबुक, करीब 14 हजार रुपये नकद और चेक बुक रखी हुई थी।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच पुलिस चौकी कच्चा टैंक के मुख्य आरक्षी सिद्धार्थ गौतम ने संभाली। पुलिस ने नाहन बस स्टैंड परिसर में लगे HRTC के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी सतवंत सिंह निवासी मोहल्ला गोबिंदगढ़, नाहन की पहचान की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे 8 अगस्त की रात करीब 12:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसका तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
निशानदेही पर बैग, पासबुक और चेक बुक बरामद
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी का भारतीय साक्ष्य अधिनियम की धारा 23(2) के तहत बयान दर्ज किया गया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया पिठ्ठू बैग, SBI की पासबुक और चेक बुक बरामद कर ली। बाद में आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 22 अगस्त 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पूछताछ में तीन अन्य साथियों के नाम आए सामने
पुलिस पूछताछ के दौरान सतवंत सिंह ने मामले में तीन अन्य लोगों की संलिप्तता के बारे में जानकारी दी। इसके आधार पर 10 अगस्त को सन्नी सिंह (33), निवासी जालंधर, पलविंद्र सिंह (33) और बलिंद्र सिंह (37) निवासी मोहल्ला गोबिंदगढ़ नाहन को जांच में शामिल किया गया।
एसपी ने बताया कि मामले में BNS की धारा 317(2) और 3(5) भी जोड़ी गई हैं। उन्होंने बताया कि पलविंद्र सिंह ने चोरी की गई 14 हजार रुपये की नकदी पुलिस के समक्ष पेश की, जिसे नियमानुसार कब्जे में लिया गया है।
तीनों को नोटिस देकर जांच में किया शामिल
एसपी ने बताया कि पुलिस ने सन्नी सिंह, पलविंद्र सिंह और बलिंद्र सिंह को BNSS की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी कर जांच में शामिल किया है। पुलिस मामले में सामने आए सभी तथ्यों और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में चोरी हुए सामान और नकदी की शत-प्रतिशत रिकवरी कर ली गई है। अब इस मामले में कोई अन्य बरामदगी शेष नहीं है।
