नाहन : उद्योग विभाग की ओर से रैंप कार्यक्रम के तहत बुधवार को कालाअंब में एमएसएमई (MSME) इकाइयों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। “मार्केट सक्सेस एंड सस्टेनेबिलिटी, मार्केट फाइनेंस एवं जेम (Government e-Marketplace) पोर्टल” विषय पर आयोजित कार्यशाला में करीब 40 एमएसएमई प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में उद्यमियों को बाजार की बदलती जरूरतों के साथ कारोबार को आगे बढ़ाने, वित्तीय संसाधन जुटाने और सरकारी खरीद के डिजिटल प्लेटफॉर्म जेम से जुड़कर नए बाजार तलाशने की जानकारी दी गई।
कार्यशाला का उद्देश्य उद्यमियों और एमएसएमई इकाइयों को बाजार से जुड़ी नई संभावनाओं, वित्तीय संसाधनों और डिजिटल सरकारी खरीद प्रणाली से अवगत कराना रहा, ताकि वे अपने कारोबार का विस्तार कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकें।
पहले सत्र में प्रो. आदित्य शर्मा ने मार्केट सक्सेस एंड सस्टेनेबिलिटी तथा मार्केट फाइनेंस विषय पर जानकारी दी। उन्होंने उद्यमियों को बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप कारोबार में बदलाव करने, उत्पादों की बेहतर ब्रांडिंग, गुणवत्ता सुधार और ग्राहकों का विश्वास बनाए रखने के महत्व से अवगत करवाया। साथ ही विभिन्न वित्तीय संस्थानों और सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता के बारे में भी जानकारी दी।
दूसरे सत्र में रवि वर्मा ने जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने पोर्टल पर पंजीकरण, उत्पाद सूचीकरण, सरकारी निविदाओं में भागीदारी, ऑनलाइन बिक्री के अवसर और समयबद्ध भुगतान व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। उद्यमियों को सरकारी खरीद प्रणाली से जुड़कर अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाशने और जेम पोर्टल का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र सिरमौर के महाप्रबंधक रचित शर्मा, इंडस्ट्रियल प्रमोशनल ऑफिसर विजय कौशल और ईआई मनीश माजटा मौजूद रहे। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें एमएसएमई प्रतिनिधियों ने कारोबार और सरकारी खरीद से जुड़े सवाल पूछे और विशेषज्ञों से समाधान प्राप्त किया।
