HomeHimachalSolanमंदिर समिति की बैठक न होने से चूड़धार में अटके विकास कार्य,...

मंदिर समिति की बैठक न होने से चूड़धार में अटके विकास कार्य, एसडीएम चौपाल से जल्द बैठक बुलाने की मांग

चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को सोलन में समिति अध्यक्ष बीएम नंटा की अध्यक्षता में हुई।

सोलन : चूड़ेश्वर सेवा समिति की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक रविवार को सोलन में समिति अध्यक्ष बीएम नंटा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में उत्तराखंड और हिमाचल की विभिन्न इकाइयों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया और चूड़धार में सुविधाओं व विकास कार्यों को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।

समिति अध्यक्ष बीएम नंटा ने कहा कि सभी सदस्य चूड़ेश्वर महाराज के सेवक हैं और समिति एक वालंटियर संगठन के रूप में समाजसेवा का कार्य कर रही है। उत्तराखंड और हिमाचल में समिति की 58 यूनिट कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि बैठक में रखे गए प्रस्तावों को जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा।

बैठक में तरांह की सराय को जल्द शुरू करने पर भी चर्चा हुई। समिति ने बताया कि तरांह में आवश्यक सामान 15 दिन के भीतर पहुंचा दिया जाएगा। सराह (चौपाल) की सराय में पेश आ रही समस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा 10 सितंबर तक चूड़ेश्वर सेवा समिति की डायरेक्टरी और स्मारिका का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया। डॉ. शिव भारद्वाज और कुंदन सिंह ने कार्य जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें:  क्रिकेटर रेणुका ठाकुर को एक करोड़ रुपये देगी हिमाचल सरकार, CM सुक्खू ने की घोषणा

बैठक नहीं होने से विकास कार्य प्रभावित
चूड़ेश्वर सेवा समिति केंद्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष और मंदिर समिति चूड़धार के सदस्य हरिनंद मेहता ने कहा कि मंदिर समिति चूड़धार की 24 मई 2024 के बाद कोई बैठक नहीं हुई है। इस संबंध में डीसी शिमला और एसडीएम चौपाल को भी अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक बैठक नहीं बुलाई गई है। इससे चूड़धार के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चूड़धार में हर साल करीब 45 से 50 लाख रुपये चढ़ावे के रूप में प्राप्त होते हैं। समिति अध्यक्ष बीएम नंटा ने कहा कि विधानसभा सत्र पूरा होने के बाद समिति के पदाधिकारी डीसी शिमला और एसडीएम चौपाल से मिलकर मंदिर समिति की बैठक जल्द बुलाने का आग्रह करेंगे।

सोलर लाइट से रोशन होगा चूड़धार
चूड़धार में सोलर सिस्टम लगाने की योजना पर भी बैठक में चर्चा हुई। चंडीगढ़ से पहुंचे इंजीनियर अमित ने बताया कि यहां 10 किलोवाट या 5 किलोवाट का सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। इससे बिजली की बचत के साथ चूड़धार में बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

ये भी पढ़ें:  3 मोटरसाइकिलों पर हो रही थी खैर की लकड़ी की ढुलाई, पहुंच गई वन टीम, 2.91 लाख की लकड़ी बरामद, तस्कर फरार

डायरेक्टरी का निर्माण कर रहे कुंदन सिंह ने बताया कि अब तक 3595 लोग चूड़ेश्वर सेवा समिति के सदस्य पंजीकृत हो चुके हैं। संत राम ठूंडू ने उत्तराखंड में समिति की बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा।

शौचालय के लिए एक लाख रुपये की मदद
योगेश अस्टा ने चूड़धार में शौचालय निर्माण की मांग रखी। इस पर समिति सदस्य सरोज गुप्ता ने शौचालय निर्माण के लिए एक लाख रुपये का चेक सेवा समिति को प्रदान किया।

भंडारे में अब तक 70 क्विंटल चावल की खपत
भंडारा समिति के प्रभारी अमर सिंह बिजाइक ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार अधिक श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे हैं। अब तक भंडारे में करीब 70 क्विंटल चावल इस्तेमाल हो चुके हैं, जबकि यात्रा का दौर अभी लगभग दो माह और चलेगा।

ये भी पढ़ें:  हिमालयन पब्लिक स्कूल में वार्षिक समारोह की धूम, सम्मान से नवाजे मेधावी

फिसलन रोकने के लिए 200-200 मीटर रास्ता बनाने की मांग
चूड़ेश्वर सेवा समिति ने चूड़धार में फिसलन की समस्या को देखते हुए मंदिर समिति से चारों तरफ 200-200 मीटर रास्ता बनाने की मांग की। समिति का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को आवाजाही में सुविधा मिलेगी और फिसलन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी।

बैठक का संचालन समिति महासचिव सुनील कमल ने किया, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप मंमगाई ने सभी सदस्यों का धन्यवाद किया। इस मौके पर जेगिंद्र चौहान, बृजमोहन चौहान, बस्तीराम शास्त्री, बाबू राम शास्त्री, प्रताप नेगी, अनिल सूद, ललित, दर्शन सिंह पुंडीर, हरिंद्र ठाकुर, अमर सिंह दीवान, सुरेंद्र समटा और नरेश ठाकुर समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More