HomeHimachalSirmaurनेहली में भारी भूस्खलन से नाहन-ददाहू सड़क पर आवाजाही पूरी तरह ठप,...

नेहली में भारी भूस्खलन से नाहन-ददाहू सड़क पर आवाजाही पूरी तरह ठप, शाम तक बहाली के आसार, प्रशासन ने दी ये सलाह

नाहन-ददाहू सड़क नेहली के पास भूस्खलन के चलते पूरी तरह बंद हो गई है।

नाहन : जिला सिरमौर में भारी बारिश के बीच भूस्खलन का सिलसिला जारी है। नाहन-ददाहू सड़क नेहली के पास भूस्खलन के चलते पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क को बुधवार शाम तक बहाल किए जाने की संभावना जताई गई है। प्रशासन की ओर से तब तक नाहन से ददाहू और ददाहू से नाहन आने-जाने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्गों से सफर करने की सलाह दी गई है।

प्रशासन के अनुसार नाहन से ददाहू जाने वाले यात्री जमटा-बिरला मार्ग अथवा शिलणु-कैलाश संपर्क मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं। ददाहू से नाहन आने वाले लोगों के लिए भी यही दोनों वैकल्पिक रास्ते सुझाए गए हैं।

बताया जा रहा है कि नेहली के पास तड़के भारी भूस्खलन हुआ। पहाड़ी से बड़े पत्थर और चट्टानें गिरने से सड़क पर यातायात पूरी तरह ठप पड़ गया। सुबह के वक्त कई सवारियों को बसों में ट्रांसमिशन के तहत गंतव्य तक पहुंचाया गया। यहां बड़ी चट्टानें पहाड़ी पर फंसने से खतरा बना हुआ है, जो कभी भी सड़क पर आ सकती हैं। दो दिन पहले भी यहां बड़े पत्थर सड़क पर आ गए थे, जिससे यातयात बाधित रहा। अब ये सड़क पूरी तरह आवाजाही के लिए बंद हो गई है।

ये भी पढ़ें:  युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना बेहद जरूरी: सीएम

उधर, लगातार बारिश से जिले में सड़कें और पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण सिरमौर की दैनिक आपदा रिपोर्ट के अनुसार बारिश के कारण जिले में 14 सड़कें बंद अथवा प्रभावित हैं। इनमें नाहन मंडल की 10 और पांवटा साहिब मंडल की चार सड़कें शामिल हैं।

बारिश और भूस्खलन से लोक निर्माण विभाग को करीब 3 करोड़ 16 लाख 50 हजार रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। वहीं, जल शक्ति विभाग की 35 पेयजल एवं सिंचाई योजनाएं प्रभावित हुई हैं। इनमें नौहराधार क्षेत्र की 24 और नाहन क्षेत्र की 11 योजनाएं शामिल हैं। जल शक्ति विभाग को करीब 2 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।

ये भी पढ़ें:  'एक दिन की वैल्यू' टिप्पणी पर CM सुक्खू ने दी सफाई, बोले- बयान का गलत मतलब निकाला गया, BJP पर साधा निशाना

दोनों विभागों को हुए नुकसान को मिलाकर बारिश से जिले के सरकारी बुनियादी ढांचे को अब तक करीब 5 करोड़ 39 लाख रुपये की क्षति आंकी गई है।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है। साथ ही भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर के सराहां में दर्दनाक हादसा, 150 फीट गहरी खाई में गिरी कार, दो महिलाओं सहित 3 की मौत, एक गंभीर
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More