नाहन : स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) की सिरमौर जिला कमेटी के 31वें वार्षिक सम्मेलन में नीरज को जिला अध्यक्ष और वंश गौतम को जिला सचिव चुना गया। रविवार को नाहन में आयोजित एक दिवसीय सम्मेलन में जिले के 7 महाविद्यालयों और 5 स्कूलों से आए 80 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में 25 सदस्यीय जिला कमेटी और 9 सदस्यीय सचिवमंडल का भी चुनाव किया गया।
सम्मेलन का स्वागत भाषण किसान सभा के जिला सचिव धनीराम ने दिया। उन्होंने जिले भर से पहुंचे प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए वर्तमान राजनीतिक और शैक्षणिक परिस्थितियों में सम्मेलन की भूमिका पर बात रखी। उन्होंने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों, शिक्षा तक समान पहुंच और फीस वृद्धि जैसे मुद्दों पर चर्चा के लिए ऐसे सम्मेलन महत्वपूर्ण हैं।
शिक्षा नीति, फीस वृद्धि और बेरोजगारी पर चर्चा
उद्घाटन सत्र में एसएफआई हिमाचल प्रदेश के राज्य सहसचिव पवन कुमार ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय और प्रदेश की राजनीतिक व आर्थिक परिस्थितियों पर विचार रखे। उन्होंने पूंजीवाद, लोकतंत्र, संविधान, महंगाई, बेरोजगारी और सांप्रदायिकता जैसे मुद्दों पर संगठन का पक्ष रखा। उन्होंने भाजपा और आरएसएस की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि इनका असर लोकतांत्रिक अधिकारों और सामाजिक समानता पर पड़ रहा है।
शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी), फीस वृद्धि, पेपर लीक और बढ़ती बेरोजगारी को युवाओं के भविष्य से जुड़ी चुनौतियां बताया। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के संदर्भ में देशभर में 96,000 और हिमाचल प्रदेश में 1,400 से अधिक स्कूल बंद किए जा चुके हैं। उन्होंने महिलाओं और छात्राओं के खिलाफ हिंसा तथा यौन उत्पीड़न की घटनाओं पर भी चिंता जताई।
प्रदेश की स्थिति पर बात रखते हुए पवन कुमार ने कहा कि युवाओं को स्थायी रोजगार देने के बजाय पशु मित्र, वन मित्र और बिजली मित्र जैसी अस्थायी रोजगार योजनाओं तक सीमित रखा जा रहा है। उन्होंने छात्रों से लोकतंत्र, संविधान, सामाजिक समानता और छात्र हितों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
छात्र संघ चुनाव बहाली और PTA फीस का मुद्दा उठा
सम्मेलन में छात्र संघ चुनाव (एससीए) की बहाली, सांप्रदायिकता के खिलाफ संघर्ष, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, पीटीए फीस, जीएससीएएसएच कमेटी के गठन और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर प्रस्ताव रखे गए। इन पर चर्चा के बाद आगामी छात्र आंदोलनों की दिशा तय करने पर जोर दिया गया।
नवनिर्वाचित जिला सचिव वंश गौतम ने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में फीस वृद्धि, पीटीए फीस के विरोध और छात्रों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर आंदोलन मजबूत किया जाएगा। उन्होंने जिले भर में संगठन का विस्तार करने की बात भी कही।
सम्मेलन के समापन सत्र में नवनिर्वाचित जिला अध्यक्ष नीरज ने कहा कि वार्षिक सम्मेलन संगठन की राजनीतिक और सांगठनिक परिस्थितियों की समीक्षा करने तथा भविष्य की कार्यनीति तय करने का मंच है।
उन्होंने कहा कि नई कमेटी सिरमौर जिले में छात्र आंदोलन को मजबूत करने के लिए काम करेगी। सम्मेलन में नौ सदस्यीय सचिवमंडल के लिए वंश, नीरज, राजेश, आशीष, केवल, अंकुश, प्रशांत, सीधी और पारुल का चुनाव किया गया।
