नाहन : नगर परिषद नाहन में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए वसूले गए यूजर चार्ज में 5.25 लाख रुपये से अधिक की कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार की शिकायत पर पुलिस थाना नाहन में दो कर्मचारियों के खिलाफ सरकारी धन के गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर परिषद की शिकायत के अनुसार वाल्मीकि मोहल्ला नाहन निवासी नितिन कल्याण आउटसोर्स सफाई कर्मचारी के रूप में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण का कार्य करता था। उसे यूजर चार्ज की वसूली के लिए जून 2023 से 15 सितंबर 2025 तक रसीद पुस्तिकाएं जारी की गई थीं।
शिकायत के मुताबिक इस अवधि के दौरान नितिन कल्याण ने कुल 11 लाख 18 हजार 660 रुपये यूजर चार्ज के रूप में एकत्र किए। इनमें से नगर परिषद के संबंधित कर्मचारी एवं हेल्पर अहसान अहमद के पास केवल 5 लाख 93 हजार 450 रुपये ही जमा करवाए गए। इस तरह 5 लाख 25 हजार 210 रुपये की राशि जमा न करवाने का आरोप है।
इसके अलावा करीब 3 लाख 94 हजार 300 रुपये की राशि से संबंधित डुप्लीकेट रसीदें भी उपलब्ध नहीं होने की बात शिकायत में कही गई है। नगर परिषद की ओर से जारी की गई 16 रसीद पुस्तिकाओं में से पांच रसीद पुस्तिकाएं और उनसे संबंधित रिकॉर्ड भी कार्यालय में वापस जमा नहीं करवाए गए।
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी की शिकायत में दोनों कर्मचारियों के बीच कथित मिलीभगत से सरकारी धन के गबन और रिकॉर्ड में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू कर दी है।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने दो कर्मचारियों के खिलाफ गबन से संबंधित मामला दर्ज होने की पुष्टि की है। पुलिस मामले में उपलब्ध रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
