नाहन : सिरमौर जिला मुख्यालय नाहन में वीरवार को प्रशासन और नगर परिषद ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए सरकारी जमीन और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध कब्जे हटाए। प्रशासन की अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से शहर में अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। शहर के दिल्ली गेट से श्री वाल्मीकि चौक तक भारी मशीनरी की मदद से सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया।
अभियान के दौरान प्रशासन और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने पुलिस को साथ लेकर ये कार्रवाई अमल में लाई। लंबे समय से सड़क किनारे खड़े लावारिस वाहनों को हटाने के साथ-साथ गोबिंदगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे रखे स्कूटर, कंडम फ्रिज और अन्य सामान को भी कब्जे में लिया गया।
कार्रवाई के दौरान एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान, नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार सहित पुलिस बल, राजस्व विभाग और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ इस अभियान को अंजाम दिया।
इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों की ओर से हल्का विरोध भी किया गया, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन, सड़कों और सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों की आवाजाही व सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है।

नगर परिषद नाहन के कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को करीब छह महीने पहले ही प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अब अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण विरोधी अभियान केवल गोबिंदगढ़ क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा। आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से नाहन शहर के अन्य हिस्सों में भी कार्रवाई की जाएगी। जहां भी सरकारी जमीन, सड़क या सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण पाया जाएगा, उसे हटाया जाएगा।
इसके अलावा सड़क किनारे लंबे समय से खड़े वाहनों और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से रखे सामान के खिलाफ भी कार्रवाई जारी रहेगी। नगर परिषद ने लोगों से सरकारी भूमि और सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी है।
