किन्नौर : हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में वीरवार को बड़ा हादसा टल गया। रूपी के मझगांव से रिकांगपिओ जा रही HRTC बस पोस्पा के पास अचानक अनियंत्रित हो गई। तीखे मोड़ पर बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। गनीमत रही कि बस सड़क किनारे बने डंगे पर अटक गई। हादसे के समय बस में 10 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं।
जानकारी के अनुसार घटना वीरवार सुबह करीब सात बजे की है। HRTC बस मझगांव से अपनी निर्धारित गंतव्य रिकांगपिओ के लिए निकली थी। पोस्पा के पास पहुंचते ही अचानक बस के ब्रेक का प्रेशर डाउन हो गया। इससे चालक के लिए बस को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया। इसी दौरान तीखे मोड़ पर बस का अगला टायर सड़क से बाहर निकल गया। इस दौरान यात्रियों में अफरा तफरी मच गई।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके नीचे गहरी ढलान है और साथ में सतलुज नदी बहती है। ऐसे में बस के पूरी तरह संतुलन खोने पर बड़ा हादसा हो सकता था। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित करने का प्रयास किया और नीचे खाई में जाने से बचा लिया। बस सड़क किनारे बने डंगे पर अटक गई, जिससे उसमें सवार सभी यात्रियों की जान बच गई। हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई।
तकनीकी जांच के बाद सामने आएगी खराबी की वजह
रिकांगपिओ डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक का कार्यभार देख रहे कार्यशाला प्रभारी राज कुमार नेगी ने बताया कि उन्हें फोन के माध्यम से घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया।
उन्होंने कहा कि बस के ब्रेक सिस्टम का प्रेशर अचानक डाउन होने के पीछे वास्तविक तकनीकी कारण क्या था, इसका पता तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा। टीम वाहन की तकनीकी स्थिति की जांच करेगी।
