नाहन : राजभाषा पखवाड़े के अवसर पर भाषा एवं संस्कृति विभाग जिला सिरमौर की ओर से डाइट नाहन में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के 28 विद्यालयों के 70 विद्यार्थियों ने भाग लेकर हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस दौरान भाषण, स्व-रचित कविता पाठ और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं करवाई गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ के साथ हुआ। जिला भाषा अधिकारी कांता नेगी ने प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत किया। डाइट के उपप्रधानाचार्य डॉ. आईडी राही ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत कर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
डॉ. आईडी राही ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि संस्कृति, पहचान और संस्कारों की अभिव्यक्ति है। यह देश की एकता और अखंडता की पहचान भी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में लोग पश्चिमी सभ्यता की ओर तेजी से आकर्षित हो रहे हैं। ऐसे में भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से हिंदी भाषा और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आयोजित की जाने वाली गतिविधियां महत्वपूर्ण हैं।
भाषण प्रतियोगिता में 24 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें एकेएम पब्लिक स्कूल ददाहू की वर्णिका ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौरास की सान्या ने द्वितीय और शिशु विद्या निकेतन नाहन के शिवम ने तृतीय स्थान हासिल किया। काव्या सिन्हा, डॉ. दलीप वशिष्ठ और अनंत आलोक ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में 30 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कालाअंब की संध्या ने प्रथम स्थान हासिल किया। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन की पावनी तोमर और हर श्री नाथ विद्या निकेतन उच्च विद्यालय जमटा के विमल संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चाकली की आरुषि शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
स्व-रचित कविता पाठ प्रतियोगिता में 16 विद्यार्थियों ने प्रतिभा दिखाई। इसमें राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन की दिव्या चौहान प्रथम, एकेएम पब्लिक स्कूल ददाहू की रिया पॉल द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा की कृतिका तृतीय स्थान पर रहीं। वरिष्ठ साहित्यकार अनंत आलोक, डॉ. दलीप वशिष्ठ और दीप राज विश्वास ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस अवसर पर राजभाषा पुरस्कार भी प्रदान किए गए। पशु स्वास्थ्य एवं प्रजनन कार्यालय जिला सिरमौर के उपनिदेशक डॉ. राजीव वालिया को हिंदी सेवा सम्मान-2026 के अधिकारी वर्ग में सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आरक्षी लुकेश कुमार को कर्मचारी वर्ग में हिंदी सेवा सम्मान-2026 दिया गया। उत्कृष्ट कार्यालय का पुरस्कार उपनिदेशक स्कूल शिक्षा माध्यमिक, जिला सिरमौर कार्यालय को प्रदान किया गया।
अंत में सभी प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों तथा निर्णायक मंडल को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
