HomeHimachalUnaचिट्टे पर प्रहार के लिए एकजुट हुआ ऊना, 40 हजार लोगों ने...

चिट्टे पर प्रहार के लिए एकजुट हुआ ऊना, 40 हजार लोगों ने एक साथ बढ़ाए कदम; युवाओं के साथ चले CM सुक्खू

गीतों और नारों के बीच हजारों कदम एक साथ आगे बढ़े और पूरे रास्ते एक ही संदेश गूंजता रहा...चिट्टे पर प्रहार, हिमाचल है तैयार।

ऊना : इंदिरा खेल मैदान में बुधवार सुबह से ही चहल-पहल शुरू हो गई थी। जिले भर के स्कूलों और कॉलेजों से विद्यार्थी और युवा अपने-अपने संस्थानों से यहां पहुंचने लगे थे। इनके साथ बड़ी संख्या में आम लोग भी वॉकाथॉन का हिस्सा बनने पहुंचे। कोई दोस्तों के साथ तस्वीरें खिंचवा रहा था, कोई हाथ में नशे के खिलाफ संदेश वाली तख्ती लिए था तो कहीं गीतों पर युवा झूमते नजर आ रहे थे। देखते ही देखते मैदान युवाओं के जोश से भर गया और करीब 40 हजार प्रतिभागियों की मौजूदगी में ऊना ने नशे के खिलाफ अपनी एकजुटता दिखाई।

इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बीच जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से किए गए इंतजाम भी दुरुस्त और चाक-चौबंद रहे। यातायात और भीड़ प्रबंधन से लेकर प्रतिभागियों के लिए पेयजल और रिफ्रेशमेंट तक की व्यवस्था की गई थी। दूर-दराज से पहुंचे विद्यार्थियों और आम लोगों को भी आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

सुबह 8 बजे से पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ की प्रस्तुतियों ने माहौल में और रंग भर दिया। गीतों की धुन पर युवा झूमते रहे। कहीं तालियां बज रही थीं तो कहीं नशे के खिलाफ नारे गूंज रहे थे। मैदान में मौजूद हर तरफ युवाओं का जोश दिखाई दे रहा था।

ये भी पढ़ें:  मिंजर मेले से लौट रहे दो युवकों के साथ दर्दनाक हादसा, अनियंत्रित बाइक खड्ड में गिरी, एक लापता

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अगुवाई में वॉकाथॉन शुरू हुआ तो यह जोश सड़कों पर उतर आया। मुख्यमंत्री के साथ चलने और उनके साथ सेल्फी लेने के लिए बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह रहा। जहां मुख्यमंत्री रुकते, वहीं उनके साथ फोटो खिंचवाने वालों की भीड़ जुट जाती। कई युवा उनके साथ चलते हुए ही सेल्फी लेते नजर आए।

मुख्यमंत्री भी युवाओं के इस उत्साह के बीच सहजता से चलते रहे। पूरे रास्ते बच्चों और युवाओं से बातचीत करते रहे। किसी का हालचाल पूछा तो किसी से पढ़ाई और भविष्य को लेकर बात की। मुख्यमंत्री के साथ कुछ कदम चलना और उनसे सीधे संवाद करना युवाओं के लिए वॉकाथॉन का खास अनुभव बन गया।

मुख्यमंत्री के साथ उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विधायक राकेश कालिया, सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा, पूर्व मंत्री एवं एससी आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, महाधिवक्ता अनूप रत्न, जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम सहित अन्य गणमान्य भी युवाओं के साथ चले।

वॉकाथॉन के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को एंटी-चिट्टा अभियान और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई और चिट्टा मुक्त हिमाचल बनाने का संदेश दिया।

मैदान से सड़क तक बढ़ते हजारों कदमों के साथ नारे और गीत लगातार गूंजते रहे। हाथों में तख्तियां थीं, जुबां पर नशे के खिलाफ आवाज और कदमों में गजब का उत्साह। युवाओं के इस जोश में यह संकल्प भी साफ दिखाई दे रहा था कि नशे से दूर रहकर स्वस्थ और बेहतर भविष्य की ओर बढ़ना है।

ये भी पढ़ें:  सिंचाई गणना में हिमाचल का कमाल: पहली बार एमएमआई सर्वे पूरा करने पर केंद्र से मिला सम्मान

पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने ऊना में उमड़ी भीड़ को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेश में अब तक आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन में ऊना की यह जन भागीदारी सबसे बड़ी और रिकॉर्ड कायम करने वाली है। उपायुक्त जतिन लाल ने आयोजन में शामिल युवाओं, शिक्षण संस्थानों, विभागों और सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।

करीब 40 हजार लोगों की मौजूदगी में हुआ यह वॉकाथॉन ऊना के लिए एक यादगार तस्वीर छोड़ गया। सुबह मैदान में शुरू हुआ युवाओं का जोश सड़कों तक पहुंचा। गीतों और नारों के बीच हजारों कदम एक साथ आगे बढ़े और पूरे रास्ते एक ही संदेश गूंजता रहा…चिट्टे पर प्रहार, हिमाचल है तैयार।

जेन-जी के बीच छाए मुख्यमंत्री सुक्खू, युवाओं ने सराहा सहज अंदाज
ऊना में आयोजित एंटी-चिट्टा वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू युवाओं और जेन-जी के बीच आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री ने न केवल युवाओं के साथ कदम से कदम मिलाकर वॉकथॉन में हिस्सा लिया, बल्कि उनके बीच घुल-मिलकर संवाद भी किया और उनके साथ सेल्फी खिंचवाई।

वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री काफी देर तक बच्चों और युवाओं के बीच रहे। उन्होंने उनसे बातचीत की, उनकी बातें सुनीं और नशे के खिलाफ इस मुहिम में उनकी भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री का सहज और आत्मीय व्यवहार युवाओं को खासा पसंद आया।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल प्रदेश में महंगी हो सकती है बिजली, बोर्ड ने नियामक आयोग के समक्ष रखा ये प्रस्ताव

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि चिट्टे के खिलाफ लड़ाई में जेन-जी और युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं के सहयोग के बिना चिट्टे के बढ़ते खतरे को रोकना संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने दोस्तों और साथियों को नशे के दलदल में जाने से रोकें और उन्हें इससे बाहर निकालने में मदद करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग, विशेषकर युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

वॉकथॉन के दौरान मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर युवा और बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री के साथ बातचीत और सेल्फी लेने के लिए युवाओं में खासा उत्साह दिखा। युवाओं ने मुख्यमंत्री के सहज व्यवहार और उनके साथ घुल-मिलकर चलने के अंदाज की सराहना की।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More