HomeHimachalSirmaurकालाअंब में बेकाबू ट्रक ने दो लोगों की ली जान, इंसान ही...

कालाअंब में बेकाबू ट्रक ने दो लोगों की ली जान, इंसान ही नहीं रास्ते में जो आया कुचलता चला गया, चालक गिरफ्तार

कालाअंब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए चालक को कालाअंब से करीब तीन किलोमीटर दूर असगरपुर क्षेत्र में पकड़ लिया।

कालाअंब : औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में शनिवार देर रात बेकाबू ट्रक ने करीब एक किलोमीटर के अंतराल में दो लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान सुरदीप कुमार (38) पुत्र राम ईश्वर निवासी गांव सांडा डम्बर, डाकघर मोतीपुर अंचल, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) और ज्ञान सिंह (44) पुत्र बलदीव सिंह निवासी गांव सोलधा, तहसील ज्वाली, जिला कांगड़ा, निवासी कांगड़ा (हिमाचल प्रदेश) के रूप में हुई है। हादसे के बाद ट्रक चालक हिमाचल की सीमा पार कर हरियाणा की तरफ निकल गया, जिसे कालाअंब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से असगरपुर क्षेत्र से पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार ट्रक नंबर HR 58B-0167 शनिवार देर रात खैरी से कालाअंब की ओर आ रहा था। रुचिरा पेपर मिल के समीप ट्रक ने सुरदीप कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सुरदीप कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर, बिहार के रहने वाले थे और वर्तमान में कालाअंब में रह रहे थे।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री सहारा योजना के लाभार्थी सात दिन के भीतर करवाएं ई-केवाईसी : DC

इसके बाद यही ट्रक करीब एक किलोमीटर आगे सब्जी मंडी के पास पहुंचा, जहां उसने ज्ञान सिंह को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ज्ञान सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। ज्ञान सिंह कांगड़ा जिले के रहने वाले थे।

ट्रक यहीं नहीं रुका और हिमाचल की सीमा पार कर हरियाणा की तरफ निकल गया। कालाअंब पुलिस ने हरियाणा पुलिस की मदद से कार्रवाई करते हुए चालक को कालाअंब से करीब तीन किलोमीटर दूर असगरपुर क्षेत्र में पकड़ लिया। इस दौरान ट्रक की चपेट में आने से कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

ये भी पढ़ें:  फर्जी चेक से 29.50 लाख की ठगी, पांच दोषियों को सात-सात साल का कठोर कारावास, डेढ़-डेढ़ लाख का जुर्माना

पुलिस ने रविवार को ट्रक चालक की चिकित्सकीय जांच करवाई। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट होगा कि हादसे के समय चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन किया था या नहीं। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी।

पुलिस अधीक्षक सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर मौत हुई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। कालाअंब थाना में मामला दर्ज कर हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  नशे की कमाई पर बद्दी पुलिस का बड़ा प्रहार, तस्कर की करीब 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More