HomeHimachalSirmaurपांवटा साहिब-शिलाई NH पर पलटा तेल से भरा टैंकर, सैकड़ों वाहन जाम...

पांवटा साहिब-शिलाई NH पर पलटा तेल से भरा टैंकर, सैकड़ों वाहन जाम में फंसे, लोगों का फूटा गुस्सा, 8 घंटे बंद रही सड़क

हिमाचल प्रदेश के पहले ग्रीन कॉरिडोर सड़क परियोजना के तहत बने पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर बड़वास में मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर सड़क के बीच पलट गया।

शिलाई : हिमाचल प्रदेश के पहले ग्रीन कॉरिडोर सड़क परियोजना के तहत बने पांवटा साहिब-शिलाई-गुम्मा नेशनल हाईवे-707 पर बड़वास में मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे पेट्रोल-डीजल से भरा टैंकर सड़क के बीच पलट गया। इसके चलते हाईवे करीब 8 घंटे तक पूरी तरह बंद रहा। दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री व वाहन चालक जाम में फंसे रहे।

छोटे वाहन किसी तरह थोड़ी जगह से निकल पा रहे थे, लेकिन निजी बस, ट्रक और अन्य बड़े वाहन पूरी तरह फंस गए। शिलाई से सोलन, शिमला, पांवटा साहिब और नाहन जाने वाले तथा पांवटा साहिब से शिलाई, कफोटा, उत्तराखंड और शिमला की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जाम में अस्पताल जाने वाले मरीजों की एंबुलेंस भी फंसी रहीं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण में बिलासपुर की 62 पंचायतों में 1.08 लाख मतदाता डालेंगे वोट

करीब 8 घंटे तक सड़क बहाल नहीं होने से निजी बसों और ट्रकों के चालक-परिचालकों के साथ स्थानीय लोगों और यात्रियों ने जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके बाद टैंकर चालक पांवटा साहिब से हाइड्रा क्रेन लेकर मौके पर पहुंचा। क्रेन की मदद से टैंकर को हटाने के बाद यातायात बहाल किया गया।

समाजसेवी नाथूराम चौहान ने कहा कि लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे, लेकिन प्रशासन और नेशनल हाईवे के अधिकारियों की ओर से समय पर कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों ने हाईवे निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि बड़वास में अक्सर वाहन पलटते रहते हैं। दो दिन पहले भी इसी स्थान पर एक ट्रक पलटा था।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर: MSME को सशक्त बनाएगी 'रेंप' योजना, चैंबर ऑफ कॉमर्स में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे निर्माण के दौरान इस स्थान पर काफी खड़ी चढ़ाई बना दी गई है। उनका आरोप है कि भारी वाहन पहले गियर में भी इस चढ़ाई को आसानी से पार नहीं कर पाते, जिसके कारण यहां दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

उधर, एसडीएम शिलाई जसपाल ने बताया कि सड़क बहाल करने के लिए ऑयल टैंकर चालक की ओर से हाइड्रा क्रेन मंगवाई गई थी। इसके बाद टैंकर को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:  नाहन कॉलेज को हिमाचल विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव ग्रुप-1 की मेजबानी, 13 से होगा आगाज
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More