पांवटा साहिब : शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटड़ी व्यास की छात्राओं ने जिला स्तरीय अंडर-19 लड़कियों की हैंडबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिरमौर विजेता का खिताब अपने नाम किया।
शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानपुर देवड़ा में आयोजित प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास की टीम ने विभिन्न विद्यालयों की टीमों को हराते हुए फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले में कोटड़ी व्यास की टीम ने बनौर को एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताब अपने नाम किया। कप्तान स्नेहा चौधरी के नेतृत्व में नंदिता, दीपिका, कृतिका, देवांशी, अंशश्वी, पायल, प्रिया, आकांक्षा और स्नेहा ने खेल भावना, अनुशासन और शानदार टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
विजेता खिलाड़ियों को कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरविंदर सिंह गेरी और चरणजीत चौधरी ने सम्मानित किया। इस दौरान पिछले वर्ष की गोल्ड मेडलिस्ट हैंडबॉल खिलाड़ी स्नेहा को भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय कोच धर्मेंद्र चौधरी के मार्गदर्शन और खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत को दिया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और खिलाड़ियों की मेहनत अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है।
उधर, स्कूल के एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह सुमन, मुलकराज, मीरा, पवन और सोमी देवी ने भी विजेता टीम, कोच और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।
खेल प्रेमी सुखविंदर चौधरी, बीडीसी सदस्य राजेश, युवा स्पोर्ट्स क्लब व्यास के अध्यक्ष प्रभात, मंदिर कमेटी व्यास के अध्यक्ष चमन सहित पंचायत सदस्यों ने भी टीम को बधाई दी।
विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
