HomeHimachalBilaspurअवैध शराब तस्करी पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, गरामोड़ा बैरियर पर...

अवैध शराब तस्करी पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, गरामोड़ा बैरियर पर 180 पेटियां बरामद, दो गिरफ्तार

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें ऐसी शराब बरामद हुई, जिस पर “केवल संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़ में बिक्री के लिए” अंकित था।

बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश में अवैध शराब के प्रवेश और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत राज्य कर एवं आबकारी विभाग, बिलासपुर की टीम ने गरामोड़ा बैरियर पर बड़ी कार्रवाई की है।

विभाग ने एक वाहन से चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित विभिन्न ब्रांड की कुल 180 पेटियां अवैध शराब बरामद की। यह जानकारी उपायुक्त, राज्य कर एवं आबकारी हरीश छाहटे ने दी।

उपायुक्त ने बताया कि पिछले तीन दिनों में विभाग के हाथ यह दूसरी बड़ी कामयाबी लगी है, जो सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध विभाग द्वारा की जा रही लगातार निगरानी और कार्रवाई को दर्शाती है।

उन्होंने बताया कि गरामोड़ा बैरियर पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या एचपी-82ए-4645 को जांच के लिए रोका गया।

ये भी पढ़ें:  राज्यपाल कविंद्र गुप्ता कल बिलासपुर दौरे पर, ‘एक से श्रेष्ठ’ कार्यक्रम में करेंगे शिरकत

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें ऐसी शराब बरामद हुई, जिस पर “केवल संघ राज्य क्षेत्र चंडीगढ़ में बिक्री के लिए” अंकित था। बरामद शराब में 111 ऐस रम की 139 पेटियां, 999 पावरस्टार फाइन रम की 11 पेटियां तथा रॉयल स्टैग की 30 पेटियां शामिल हैं। इस प्रकार कुल 180 पेटियां शराब बरामद की गईं।

उपायुक्त ने बताया कि वाहन में सवार दोनों व्यक्ति शराब की इस खेप के संबंध में कोई वैध परमिट अथवा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों व्यक्तियों को शराब की खेप और वाहन सहित कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल यूनिवर्सिटी में एमएससी फिजिक्स की गोल्ड मेडलिस्ट बनीं ईशा

मामले में हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39 के तहत पुलिस थाना स्वारघाट में मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस कार्रवाई को सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी पंकज राणा, आरक्षी रोहित कुमार, चपरासी राकेश कुमार तथा चालक सौरव की टीम ने अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान राज्य कर विभाग की टीम ने भी आबकारी विभाग के साथ सक्रिय सहयोग प्रदान किया। टीम में सहायक आयुक्त अनुराग गर्ग तथा सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी प्ररित पटियाल शामिल रहे।

दोनों अधिकारियों ने मामले को औपचारिक रूप से पुलिस को सौंपे जाने तक मौके पर उपस्थित रहकर कार्रवाई में सहयोग किया।

कहा कि जिला बिलासपुर में अवैध शराब की तस्करी तथा अंतरराज्यीय अवैध गतिविधियों के विरुद्ध विभाग द्वारा शून्य सहनशीलता की नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती बैरियरों पर वाहनों की सघन जांच और निगरानी व्यवस्था को और प्रभावी बनाया गया है।

ये भी पढ़ें:  पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों की तैयारियां अंतिम चरण में: उपायुक्त

अवैध शराब के प्रवेश अथवा तस्करी में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More