पांवटा साहिब : हिमाचल-उत्तराखंड की सीमा पर जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब में रविवार रात एक व्यक्ति ने यमुना पुल से नदी में छलांग लगा दी। पूरी घटना गोविंद घाट पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। छलांग लगाने के बाद व्यक्ति का अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। यमुना नदी में व्यक्ति की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर घटना की जांच के साथ व्यक्ति की पहचान और अन्य जानकारी जुटा रही है।
जानकारी मिली है कि यमुना नदी की उफनती लहरों में कूदने वाला शख्स पांवटा साहिब निवासी 54 वर्षीय नितिन गुप्ता हैं। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक तौर पर परेशान थे। हालांकि, घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस की जांच के बाद व्यक्ति की असल पहचान और घटना से पर्दा उठेगा।
पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार यमुना नदी और आसपास के क्षेत्र में तलाश कर रही है। फिलहाल, व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
बता दें कि बरसात के बाद अभी यमुना नदी का जलस्तर कम नहीं हुआ है। नदी की उफनती लहरों के बीच लापता व्यक्ति की तलाश की जा रही है।
