शिमला/पांवटा साहिब : हिमाचल प्रदेश के स्कूली खेलों में पहली बार रग्बी को शामिल किया गया है।
शिक्षा विभाग की मान्यता के बाद अब प्रदेश के स्कूली खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में इस खेल में दमखम दिखाएंगे। इससे खिलाड़ियों के लिए स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) तक पहुंचने का रास्ता भी खुलेगा।
शिक्षा विभाग के सौजन्य से अंडर-19 वर्ग की राज्यस्तरीय रग्बी प्रतियोगिताएं दो चरणों में होंगी। बालिका वर्ग के मुकाबले 11 से 14 अक्टूबर तक सिरमौर जिले के मानपुर देवड़ा स्थित शहीद सोहन सिंह मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में होंगे।
वहीं, बालक वर्ग की प्रतियोगिता 16 से 19 अक्टूबर तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, चंबा में आयोजित की जाएगी।
हिमाचल प्रदेश रग्बी संघ के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद, महासचिव विशाल सरीन और कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार ने इस निर्णय के लिए प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग का आभार जताया।
संघ के तकनीकी वरिष्ठ सदस्य धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद तकनीकी टीम और प्रशिक्षकों की मेहनत से रग्बी को स्कूली खेलों में शामिल कराने का सपना साकार हुआ है। इससे प्रदेश के हजारों खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
