नाहन : उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल महामाया श्री बालासुंदरी मंदिर त्रिलोकपुर में पहले नवरात्र पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
रविवार को पहले नवरात्र के अवसर पर करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में 16 लाख 16 हजार 500 रुपये अर्पित किए।
बारिश के बावजूद हिमाचल प्रदेश सहित उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे।
सुबह चार बजे उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा और अतिरिक्त उपायुक्त एकता कापटा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर 15 दिवसीय नवरात्र मेले का शुभारंभ किया। मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, पेयजल और भंडारे की व्यवस्था की गई है।
मंदिर न्यास की अध्यक्ष एवं उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने बताया कि दिव्यांग श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थल से मंदिर तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था की गई है।
भीड़ प्रबंधन के लिए मंदिर परिसर को चार सेक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सेक्टर में एक मजिस्ट्रेट अधिकारी तैनात किया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत मंदिर परिसर में 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जबकि करीब 200 जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात किए गए हैं।
पहले नवरात्र की शाम मंदिर परिसर में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
