नालागढ़ : घर से दवाई लेने निकली महिला का शव दो दिन बाद रामशहर मार्ग पर गुरुकुंड के पास खड्ड से बरामद हुआ है। मृतका की पहचान विमला देवी निवासी गांव रिया, डाकघर मितियां, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है।
महिला 12 अक्तूबर को घर से दवाई लेने के लिए नालागढ़ निकली थी। पुलिस ने गुमशुदगी की शिकायत मिलने पर उसकी तलाश शुरू की थी।
पुलिस के अनुसार, विमला देवी के घर नहीं लौटने पर उसके बेटे कर्म चंद ने पुलिस थाना रामशहर में शिकायत दर्ज करवाई थी। इसके बाद पुलिस टीम महिला की तलाश में जुटी थी। इस दौरान नालागढ़-रामशहर मार्ग पर गुरुकुंड के पास खड्ड में महिला का शव बरामद हुआ।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।
फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।