पांवटा साहिब : जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसआईयू नाहन की टीम ने एक व्यक्ति को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, एसआईयू नाहन की टीम गश्त पर थी और पुरुवाला पुल के पास मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि अफजल उर्फ संजय माजरा निवासी मिश्रवाला, पांवटा साहिब और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चिट्टा बेचने के धंधे में संलिप्त है। सूचना में बताया गया कि वह मोटरसाइकिल पर चिट्टा लेकर पुरुवाला की तरफ आ रहा है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की मोटरसाइकिल की तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से 6.61 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ और मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

