होमHimachalSirmaurगिरि उठाऊ पेयजल योजना की मुख्य पाइप लाइन फटी, नाहन शहर में...

गिरि उठाऊ पेयजल योजना की मुख्य पाइप लाइन फटी, नाहन शहर में 40 लाख लीटर सप्लाई पर संकट! मौके पर विभाग की टीम

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही जल शक्ति विभाग ने तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजा।

नाहन : जिला मुख्यालय नाहन को प्रतिदिन लाखों लीटर पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य गिरि उठाऊ पेयजल योजना रविवार को तकनीकी खराबी के चलते बाधित हो गई।

रामाधौण पंचायत के धौण में योजना की मुख्य पाइपलाइन (राइजिंग मैन) फटने से शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने का संकट पैदा हो गया है। पाइपलाइन फटने की सूचना मिलते ही जल शक्ति विभाग की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के मुख्य पाइपलाइन में अचानक खराबी आ गई। बताया जा रहा है कि पाइप के भीतर ब्लॉकेज से लाइन पर दबाव बढ़ गया, जिससे पाइपलाइन फट गई। यह लाइन नाहन शहर की पेयजल व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लिहाजा, योजना के बाधित होने से शहर में नियमित जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई।

ये भी पढ़ें:  सरकार का बड़ा एक्शन : चिट्टा गतिविधियों में शामिल 11 पुलिस कर्मी नौकरी से बर्खास्त

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही जल शक्ति विभाग ने तकनीकी कर्मचारियों को मौके पर भेजा। टीम ने खराबी को दुरुस्त करने के लिए काम शुरू कर दिया है।

जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता देवानंद पुंडीर ने बताया कि पेयजल आपूर्ति जारी रखने के लिए नेहर सवार ग्रेविटी स्कीम को वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सुचारू कर दिया गया है।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि फटी हुई मुख्य पाइपलाइन को जल्द ठीक कर दिया जाएगा और पेयजल व्यवस्था को सामान्य बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन हवा भरने के कारण ब्रस्ट हुई है।

उल्लेखनीय है कि गिरि उठाऊ पेयजल योजना के माध्यम से नाहन शहर को प्रतिदिन करीब 40 लाख लीटर से अधिक पेयजल आपूर्ति की जाती है। शहर की बड़ी आबादी की पानी की जरूरतें पूरी करने वाली इस योजना की मुख्य पाइपलाइन में खराबी आने से विभाग के सामने मरम्मत के साथ-साथ नियमित जलापूर्ति बनाए रखने की चुनौती है।

ये भी पढ़ें:  नाहन शहर में अवैध कब्जों और अतिक्रमण पर चला प्रशासन का बुलडोजर, दिल्ली गेट से लेकर वाल्मीकि चौक तक कार्रवाई से मचा हड़कंप

बहरहाल, विभागीय तकनीकी टीम मरम्मत कार्य में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्य पाइपलाइन को जल्द दुरुस्त करने के साथ वैकल्पिक नेहर सवार ग्रेविटी स्कीम के माध्यम से पेयजल आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि शहरवासियों को पानी की किल्लत का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने कहा कि पानी के संकट जैसी फिलहाल कोई बात नहीं है।

ये भी पढ़ें:  सरहद पर तैनात जवानों की कलाई नहीं रहेगी सूनी, राजगढ़ से भेजी गईं छह हजार राखियां
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More