पांवटा साहिब : जिला सिरमौर में यमुना नदी में सरकारी जमीन से अवैध रूप से रेत और बजरी निकालने के आरोप में पुलिस ने तीन वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पांवटा साहिब पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना पांवटा साहिब की टीम गश्त के दौरान लोअर देवीनगर स्थित यमुना नदी के रवाहड़ा पहुंची। यहां एक बैकहो लोडर, ट्रैक्टर और टिप्पर सरकारी जमीन से रेत-बजरी का अवैध खनन करते पाए गए। पुलिस को देखकर तीनों वाहन चालक मौके से भागने लगे, लेकिन टीम ने करीब 100 मीटर दूर उन्हें पकड़ लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि जांच के दौरान लोडर पर UK07HD-0801 और टिप्पर पर HP17G-6448 नंबर दर्ज मिला, जबकि ट्रैक्टर पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। जेसीबी चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के खेडी गांव निवासी सोनी, टिप्पर चालक की पहचान लखीमपुर जिले के बौडियां गांव निवासी अजय और ट्रैक्टर चालक की पहचान उत्तराखंड के देहरादून जिले के बाडवाला गांव निवासी सुनील के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि मौके पर टिप्पर और ट्रैक्टर चालकों ने चलते वाहन से जैक उठाकर उनमें लोड ग्रेवल यानी रेत-बजरी नीचे गिरा दी। ये तीनों रात के समय यमुना नदी के रवाहड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीन से अवैध खनन कर रेत-बजरी चोरी कर ले जा रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

