नाहन : जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र की कौलांवाला भूड़ पंचायत में दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा निचली कौलावालाभूड़ की पक्की सड़क पर पेश आया। पुलिस ने आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मनीष कुमार निवासी गांव एवं डाकघर कौलांवाला भूड़ ने बताया कि वह राजेंद्र कुमार पुत्र स्वर्गीय अमर सिंह, निवासी कौलांवाला भूड़ को अपनी मोटरसाइकिल पर घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान दूसरे मोटरसाइकिल के चालक संजय कुमार निवासी कौलांवाला भूड़ ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद वह नीचे गिर गए, जिससे उन्हें चोटें आईं, वहीं पीछे बैठे राजेंद्र कुमार के सिर, माथे और छाती पर गंभीर चोटें लगीं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शिकायत के अनुसार, हादसे के बाद दूसरा बाइक चालक मौके से फरार हो गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने नाहन अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस थाना नाहन में आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।
