नाहन : मतदाता सूची और नागरिकों के मताधिकार को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने युवाओं और आमजन से भी आगे आने की अपील की है।
सोमवार को नाहन में पत्रकार वार्ता के दौरान सोलंकी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों के कारण देश में करीब 13 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हुए हैं।
उन्होंने इसे लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान में भागीदारी की अपील की।
सोलंकी ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसी के माध्यम से जनता देश व प्रदेश का भविष्य तय करती है। उन्होंने केंद्र सरकार पर विभिन्न संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अवसर मिलना चाहिए और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए। कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है।
विधायक ने रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने वाले युवाओं के मतदान के अधिकार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सहित देश के विभिन्न राज्यों के अनेक युवा नौकरी और रोजगार की तलाश में अपने गृह प्रदेश से बाहर जाते हैं।
ऐसे में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि वे अपने लोकतांत्रिक अधिकारों से वंचित न रहें। सोलंकी ने युवाओं और आमजन से 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली रैली में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए नागरिकों का अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है।
सोलंकी ने कहा कि कांग्रेस धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती और सभी धर्मों का सम्मान करती है। भगवान किसी एक राजनीतिक दल के नहीं, बल्कि सबके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस धर्म के नाम पर समाज को बांटने में विश्वास नहीं रखती।
पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के चेयरमैन कंवर नरदेव सिंह, प्रदेश कांग्रेस मुख्य प्रवक्ता रूपेंद्र सिंह ठाकुर, प्रदेश प्रवक्ता उषा तोमर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान, वरिष्ठ कांग्रेसी नेत्री प्रमिला ठाकुर, अनिल शर्मा उर्फ टीपू, विनेश राणा, अमित और मंडल अध्यक्ष ज्ञानचंद सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

