नाहन : जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त उपलब्ध करवाने के मकसद से कार्य कर रहे ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर के सदस्यों ने अक्टूबर माह में भी सेवा की मिसाल पेश की।
1 से 31 अक्टूबर 2026 के दौरान ग्रुप के माध्यम से कुल 33 यूनिट रक्तदान करवाया गया। इसमें मेडिकल कॉलेज नाहन के मरीजों के लिए सात यूनिट रक्त की व्यवस्था की गई, जबकि चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, शिमला, देहरादून और मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर भी जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया गया।
मेडिकल कॉलेज नाहन में उपलब्ध करवाई गई सात यूनिट में एक यूनिट ए पॉजिटिव, तीन यूनिट ओ पॉजिटिव, दो यूनिट बी पॉजिटिव और एक यूनिट ओ नेगेटिव रक्त शामिल है।
ड्रॉप्स ऑफ होप सोसाइटी सिरमौर के संचालक ईशान राव ने बताया कि चंडीगढ़ पुलिस में कार्यरत ग्रुप के सदस्य रमन सोढ़ी ने पीजीआई चंडीगढ़ में ओ पॉजिटिव रक्तदान किया।
विपिन ने पंजाब के इंडस अस्पताल में एबी पॉजिटिव, कमल ने मुंबई में एबी पॉजिटिव और गौरव ने पारस अस्पताल पंचकूला में ओ पॉजिटिव रक्तदान किया।
पीजीआई चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली में तीन यूनिट रक्त की व्यवस्था बाज़ ब्लड ग्रुप के अध्यक्ष सलमान खान ने करवाई। वहीं, अखिल माहेश्वरी ने मोहाली और पंचकूला में जिला सिरमौर के मरीजों के लिए चार यूनिट रक्त उपलब्ध करवाया।
कपिल नेगी ने आईजीएमसी शिमला में दो यूनिट ए पॉजिटिव, जीएमसी सेक्टर-32 चंडीगढ़ में पांच यूनिट बी पॉजिटिव और पीजीआई चंडीगढ़ में एक यूनिट ओ पॉजिटिव रक्त की जरूरत पूरी करवाई।
इसी तरह सदस्य नदीम खान ने देहरादून में तीन यूनिट, देव अत्री ने मोहाली में दो यूनिट और रमन सोढ़ी ने चंडीगढ़ में दो यूनिट रक्तदान करवाया।
उन्होंने ग्रुप की ओर से सभी रक्तदाताओं और सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त किया। ईशान ने कहा कि जरूरतमंद मरीजों तक रक्त पहुंचाने के लिए सभी लोग दिन-रात प्रयासरत रहते हैं। सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से ही यह कार्य लगातार आगे बढ़ रहा है।

