शिलाई : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में पिता और 8 साल के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा कांडो-भटनोल के पास हुआ, जहां एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
इस सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे शिलाई थाना को कांडो-भटनोल गांव के पास कार नंबर HP85-0365 के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कार में सवार सोहन सिंह (40) पुत्र हीरा सिंह, निवासी गांव कमोटा, तहसील शिलाई और उनके आठ वर्षीय बेटे शिवांशु ठाकुर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
हादसे के बाद सोहन सिंह की करीब 10 वर्षीय बेटी अन्वी ठाकुर मौके पर नहीं मिली। इसके बाद पुलिस टीम और स्थानीय लोगों ने रात में ही उसकी तलाश शुरू की।
काफी तलाश के बाद बच्ची घटनास्थल से लगभग 500 मीटर दूर सुरक्षित हालत में मिली। उसे हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक सोहन एसडीएम शिलाई में रीडर का पद पर तैनात थे। उनकी पत्नी शिलाई में कांस्टेबल हैं। रात को सोहन अपने बच्चों के साथ घर से निकले थे और अचानक ये हादसा हो गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल शिलाई/पांवटा साहिब भेजे हैं।
दुर्घटना किन कारणों से हुई, इसकी जांच की जा रही है। मामले में शिलाई थाना में आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

