नाहन : आस्था स्पेशल स्कूल में आयोजित आर्ट एंड क्राफ्ट प्रदर्शनी में विशेष बच्चों की प्रतिभा, रचनात्मकता और हुनर के कई रंग देखने को मिले।
बच्चों की ओर से तैयार की गई आकर्षक कलाकृतियों ने प्रदर्शनी में पहुंचे लोगों का ध्यान खींचा। कार्यक्रम का शुभारंभ लोक निर्माण विभाग के नाहन मंडल के अधिशासी अभियंता ई. आलोक जनवेजा ने किया।
प्रदर्शनी में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता को रंगों और विभिन्न कलात्मक गतिविधियों के माध्यम से जीवंत रूप दिया।
उनके द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों में मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच की झलक देखने को मिली। हर कलाकृति बच्चों की प्रतिभा और उनकी कलात्मक अभिव्यक्ति को दर्शा रही थी।
इस दौरान बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। उन्होंने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में बच्चों के उत्साह और उनकी प्रतिभा को खूब सराहना मिली।
आयोजन का उद्देश्य विशेष बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास एवं आत्मनिर्भरता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
इस तरह के आयोजन बच्चों को अपनी क्षमताओं को सामने लाने का अवसर देते हैं और समाज में उनके प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

