पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को चिट्टे (स्मैक) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, SIU नाहन की टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त और मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए मौजूद थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि महबूब निवासी कीरतपुर, पुरुवाला और मोहन लाल निवासी मलिकपुर खादिर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर (हरियाणा) क्षेत्र में चिट्टा और स्मैक बेचने का अवैध कारोबार करते हैं।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यमुना पुल बैरियर स्थित राम मंदिर गेट के पास दबिश दी। इस दौरान दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित काबू किया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 3.05 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों के खिलाफ पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
