शिलाई : जिला सिरमौर के शिलाई विधानसभा क्षेत्र में बाइक पर सवार एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।
बाइक पर पीछे बैठे 55 वर्षीय खजान सिंह निवासी जामुकोटी (श्री रेणुकाजी) की गोली लगने से मौत होने की आशंका है।
चौंकाने वाली बात यह है कि बाइक चला रहे उनके चचेरे भाई रविंद्र को घटना के दौरान गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी। शाम को जब रविंद्र ने अपना हेलमेट देखा तो उसमें गोली का निशान मिला। जांच करने पर हेलमेट के अंदर से गोली भी बरामद हुई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को रविंद्र (31) और खजान सिंह शिलाई उपमंडल की कोटी उतरो पंचायत के एक गांव में मेहमाननवाजी के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान रास्ते में रविंद्र को महसूस हुआ कि पीछे बैठे खजान सिंह अचानक अचेत हो गए हैं। कुछ ही देर बाद वह बाइक से नीचे गिर पड़े।
शुरुआत में परिजनों और साथ आए लोगों को चोट लगने की वजह पत्थर लगना लगा। खजान सिंह को घायल अवस्था में पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया। हालांकि, उन्होंने पीजीआई पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को नाहन मेडिकल कॉलेज लाया गया।
इधर, रविंद्र भी पांवटा साहिब से अपने गांव जामुकोटी लौट गया। शाम करीब चार बजे जब उसने अपना हेलमेट देखा तो उसमें गोली का निशान मिला।
हेलमेट के भीतर से गोली मिलने के बाद सुबह हुई घटना को लेकर संदेह गहरा गया। प्रारंभिक आशंका है कि गोली खजान सिंह के सिर से होकर निकली और इसके बाद रविंद्र के हेलमेट में जा फंसी।
सूचना मिलने पर नाहन से अतिरिक्त थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रविंद्र के बयान दर्ज किए हैं और मामले के सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही खजान सिंह की मौत के वास्तविक कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है।




