हमीरपुर : जिस घर में कुछ दिनों बाद शादी की शहनाइयां गूंजनी थीं और माता-पिता अपने इकलौते बेटे के सिर पर सेहरा सजाने का सपना संजो रहे थे, वहां अब हर तरफ मातम पसरा है।
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल की नंधन पंचायत के रुठानी गांव में भारतीय सेना के 26 वर्षीय जवान अक्षय कुमार की असामयिक मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। अक्षय की शादी आगामी 3 दिसंबर को तय थी। परिवार बेटे के विवाह की तैयारियों में जुटा था, लेकिन शादी से महज 20 दिन पहले उसकी मौत की खबर ने सारी खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया।
अक्षय कुमार उत्तराखंड के जोशीमठ में सेना में तैनात थे। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर हार्ट अटैक से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। जवान के निधन की सूचना जैसे ही घर पहुंची, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। जिस बेटे की शादी को लेकर माता-पिता और रिश्तेदार उत्साहित थे, अब उसी बेटे की पार्थिव देह घर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
अक्षय अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। उनके पिता राज कुमार कारोबारी हैं, जबकि माता सरोज कुमारी गृहिणी हैं। इकलौते बेटे को खोने के गम में माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बेटे के विवाह को लेकर कई सपने संजोए थे। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों के आने की योजना बनाई जा रही थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि जिस तारीख का परिवार बेसब्री से इंतजार कर रहा है, उससे पहले ही ऐसा दुखद समाचार मिल जाएगा।
पांच साल पहले सेना में भर्ती हुए थे अक्षय
अक्षय कुमार 16 दिसंबर 2020 को भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। देशसेवा का जज्बा लेकर सेना में शामिल हुए अक्षय ने परिवार और गांव का नाम रोशन किया था। महज 26 वर्ष की उम्र में उनका इस तरह दुनिया से चले जाना गांव के लोगों को भीतर तक झकझोर गया है।
जवान की मौत की खबर मिलने के बाद रुठानी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। ग्रामीण और परिचित शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
एक-दो दिन में गांव पहुंचेगी पार्थिव देह
नंधन पंचायत के प्रधान रवि कुमार ने जवान अक्षय कुमार के निधन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अक्षय भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन से परिवार के साथ पूरा गांव शोक में है। जवान की पार्थिव देह को घर पहुंचाने में एक से दो दिन का समय लग सकता है।
गांव के लोग अपने इस युवा बेटे की अंतिम विदाई का इंतजार कर रहे हैं। जिस घर से कुछ दिनों बाद बेटे की बारात निकलनी थी, वहां अब उसकी अंतिम विदाई की तैयारी होगी।
- ये भी पढ़ें : 17 खिलाड़ियों को अर्जुन अवॉर्ड, राष्ट्रपति ने प्रदान किए खेल एवं साहसिक पुरस्कार, हिमाचल की बलजीत कौर भी सम्मानित
- ये भी पढ़ें : फायरिंग की तीन वारदातें सुलझाने वाली बद्दी पुलिस की टीम सम्मानित, SP विनोद धीमान ने प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर नवाजा




