बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर दिनदहाड़े एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मंडी-भराड़ी चौक के समीप हुए इस हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फोरलेन पर किसी बात को लेकर कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और आरोपियों ने एक व्यक्ति पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में उसके शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। लहुलूहान हुआ युवक सड़क पर तड़पता रहा।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर हमला हुआ, वहां से पुलिस बूथ की दूरी करीब 20 मीटर है। घटना के समय आसपास पुलिसकर्मियों के मौजूद होने की भी चर्चा है। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में घायल व्यक्ति सड़क पर मदद के लिए आवाज लगाता दिखाई दिया। हालांकि, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।
