होमHimachalMandiमेडिकल कॉलेज नेरचौक में अबतक दो सौ से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी, विश्वस्तरीय...

मेडिकल कॉलेज नेरचौक में अबतक दो सौ से ज्यादा रोबोटिक सर्जरी, विश्वस्तरीय तकनीक मरीजों के लिए बनी वरदान

इससे मरीज न केवल बेहतर उपचार प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि उन्हें बड़े निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में सर्जरी की सुविधा भी मिल रही है।

मंडी : जिला मंडी स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में रोबोटिक सर्जरी की अत्याधुनिक सुविधा उपलब्ध करवाई गई है। इससे मंडी, कुल्लू सहित अन्य जिलों के सैकड़ों मरीज लाभान्वित हो रहे हैं।

विश्वस्तरीय तकनीक से युक्त इस सुविधा पर लगभग 28.44 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। यह स्वास्थ्य सुविधा क्षेत्र के मरीजों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

मेडिकल कॉलेज में अब तक 232 से अधिक रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी हैं। इससे मरीज न केवल बेहतर उपचार प्राप्त कर रहे हैं, बल्कि उन्हें बड़े निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में सर्जरी की सुविधा भी मिल रही है।

चार महीने से बीमार पत्नी की रोबोटिक सर्जरी सफल
थुनाग क्षेत्र के गांव थुनागी, लंबाथाच निवासी महेंद्र नाथ ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले चार महीनों से बीमार थीं। मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उनका उपचार करवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी।

इसके बाद उनकी पत्नी की रोबोटिक सर्जरी की गई, जो सफल रही। पत्नी को अब बेहतर उपचार मिल रहा है। महेंद्र नाथ ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने घर-द्वार के नजदीक इतनी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाकर आम लोगों को बड़ी राहत दी है।

ये भी पढ़ें:  मंडी में प्राकृतिक खेती ने पकड़ी रफ्तार, 48,380 किसान जुड़े; 8,400 हेक्टेयर जमीन पर रसायनमुक्त खेती

निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में हुआ बेहतर उपचार
कुल्लू जिले के भुंतर निवासी धर्मवीर ने बताया कि वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। पहले कुल्लू अस्पताल में चेकअप करवाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें सर्जरी की सलाह देते हुए मेडिकल कॉलेज नेरचौक जाने का सुझाव दिया। यहां चिकित्सकों ने उनकी जांच की और रोबोटिक सर्जरी की गई, जो सफल रही।

धर्मवीर ने बताया कि वह पेंटर का काम करते हैं और उनके लिए निजी अस्पताल में महंगा उपचार करवाना काफी मुश्किल होता। निजी अस्पतालों के मुकाबले मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उन्हें कम खर्च में बेहतर उपचार की सुविधा मिली।

ये भी पढ़ें:  नौहराधार चोरी मामले में आया फैसला, बैंक और दुकानों में सेंध लगाने वाले शख्स को राजगढ़ की अदालत ने सुनाई ये सजा

यहां के चिकित्सकों और स्वास्थ्य सेवाओं से वह संतुष्ट हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा से आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य परिवारों को भी आधुनिक उपचार मिल रहा है।

उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं अब घर-द्वार पर उपलब्ध
बालीचौकी निवासी गीतानंद ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले कुछ समय से बीमार थीं। मेडिकल कॉलेज नेरचौक में चेकअप करवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी। उनकी पत्नी की रोबोटिक सर्जरी की गई, जो सफल रही। सर्जरी के बाद पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार है और वह अब बेहतर महसूस कर रही हैं।

गीतानंद ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध आधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। घर के समीप सुविधा से अब बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ रहा है।

आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार, आम जनता को लाभ
नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने से मंडी सहित कुल्लू और आसपास के जिलों के मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में प्रशासनिक फेरबदल, 6 HPPS अधिकारियों के तबादले और पोस्टिंग आदेश जारी, क्लिक पर जानें

28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित यह तकनीक प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कम समय में ही 232 से अधिक रोबोटिक सर्जरी इस सुविधा की उपयोगिता को दर्शाता है। मरीजों और उनके परिजनों के अनुभव बताते हैं कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक तकनीक और बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण उपचार के साथ आर्थिक राहत भी मिल रही है।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More