पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के कांटी मश्वा संपर्क सड़क पर हुए बाइक हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है। जबकि, दूसरा घायल हुआ है। मृतक की पहचान सुमन सिंह (33) पुत्र नैन सिंह निवासी दुगाना (शिलाई) के तौर पर हुई है। इसी गांव के अमित कुमार (30) पुत्र रंगीलाल का सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक एप्लाइड फॉर बाइक पर सवार होकर मानल से कांटी मश्वा की ओर जा रहे थे। इस बीच बाइक कच्ची और ढलानदार सड़क पर स्किड होकर गिर गई। हादसे के बाद अमित कुमार सड़क किनारे गिर गया। जबकि, चालक सुमन सिंह बाइक सहित खाई में जा गिरा।
राजबन पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने सुमन सिंह को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार अस्पताल पहुंचने से पहले ही सुमन की मृत्यु हो चुकी थी। घायल अमित को हादसे में हल्की चोटें आईं हैं।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 20 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई। इस हादसे से पूरे गांव और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। उधर, डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने हादसे की पुष्टि की है।