HomeAasthaश्री गुरू गोबिंद सिंह जी के 340वें नाहन आगमन दिवस पर होगा...

श्री गुरू गोबिंद सिंह जी के 340वें नाहन आगमन दिवस पर होगा जोड़ मेला, 1685 को ऐतिहासिक शहर में पधारे थे गुरू महाराज

नाहन : सिखों के 10वें गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज के 340वें नाहन आगमन दिवस पर जोड़ मेला का आयोजन किया जाएगा. ऐतिहासिक चौगान मैदान में 26 अप्रैल से यह जोड़ मेला शुरू होगा, जो 5 मई तक धूमधाम के साथ मनाया जाएगा. इस दौरान गुरुद्वारा साहिब में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा.

दरअसल, गुरू गोबिंद सिंह महाराज 30 अप्रैल 1685 को सिरमौर रियासत में पधारे थे और लगभग 8 महीने तक वह नाहन में ही रहे. इसके बाद उन्होंने पांवटा साहिब साहिब नगरी की नींव रखी थी. लिहाजा, गुरू गोबिंद सिंह जी के नाहन आगमन दिवस को हर वर्ष हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है, जिसे पिछले कुछ वर्षों से जोड़ मेले का रूप दिया गया है.

ये भी पढ़ें:  विधायक सोलंकी के आमंत्रण पर नाहन कालेज के इन विद्यार्थियों ने किया विधानसभा का भ्रमण

गुरू गोबिंद सिंह जी ने अपना अधिकतर समय जहां बिताया, उस स्थान को आज श्री दशमेश अस्थान गुरुद्वारा साहिब नाहन के नाम से जाना जाता है. इस जोड़ मेला का आयोजन गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी नाहन व समूह साध संगत, समूह जत्थेबंदियां, सिक्ख नौजवान सेवक जत्था नाहन द्वारा किया जा रहा है.

कार्यक्रम के मुताबिक 26 अप्रैल को गुरुद्वारा श्री टोका साहिब से गुरुद्वारा साहिब नाहन विशाल नगर कीर्तन पहुंचेगा. इसी दिन शाम को चौगान मैदान में नाहन के विधायक अजय सोलंकी जोड़ मेला का शुभारंभ करेंगे.

बता दें कि ऐतिहासिक चौगान भी गुरू महाराज के आगमन का गवाह रहा है. जब श्री गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज नाहन पहुंचे थे, तो गुरु महाराज के लाव लश्कर ने चौगान में ही डेरा डाला था. इसी चौगान मैदान के सामने ही यह ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब मौजूद है.

ये भी पढ़ें:  पांवटा साहिब में प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ एक गिरफ्तार, डिटेक्शन सेल ने की कार्रवाई

कार्यक्रम के अनुसार 27 अप्रैल को गुरुद्वारा साहिब में प्रातः 8 बजे श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा. 29 अप्रैल को सुबह 9 बजे इस अखंड पाठ का समापन होगा. भाई कुलविंदर सिंह जी (खरड़ वाले) व भाई गुरमीत सिंह जी (हजूरी रागी दरबार साहिब) गुरू महाराज की वाणी से संगत को निहाल करेंगे. दोपहर 12 बजे से अटूट लंगर का आयोजन होगा.

सांय 4 बजे से गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन का आरंभ किया जाएगा. 30 अप्रैल को 8 बजे से रात्रि कीर्तन दरबार का आयोजन होगा, जिसमें भाई गुरमीत सिंह जी शांत (हजूरी रागी श्री अमृतसर साहिब), भाई तरणवीर सिंह जी रब्बी (लुधियाना वाले) गुरू की वाणी से संगत को निहाल करेंगे. इसके बाद 5 मई को दंगल और गतका के साथ जोड़ मेले का समापन होगा.

ये भी पढ़ें:  रामपुर भारापुर पंचायत के प्रधान पर घोटाले के आरोप, मोटरसाइकिल से ढोई 270 क्विंटल रेत-बजरी!
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More