हरिपुरधार : जिला सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के हरिपुरधार क्षेत्र में गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खरोटियो खाला के समीप पेश आया, जहां एक बाइक अनियंत्रित होकर 30 मीटर नीचे जंगल में जा गिरी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। इस हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार पुलिस ने जितेंद्र कुमार के बयान पर केस दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि वह अपना काम निपटाकर लौट रहा था। इसी दौरान उनके आगे चल रही एक बाइक का चालक अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क से फिसलकर सीधे गहरी खाई में गिर गई। उन्होंने हादसे के तुरंत बाद 108 एंबुलेंस को सूचना दी और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर हरिपुरधार अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बाइक चालक 22 वर्षीय अरुण पुत्र राजेंद्र निवासी लालग, बड़ोल को मृत घोषित कर दिया और उसका छोटा भाई रमन (18) इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। सड़क हादसे की सूचना मिलते ही संगड़ाह पुलिस मौके पर पहुंची। उधर, एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस जांच में जुटी है।



