Home Accident पांवटा साहिब में ट्राले ने बाइक को कुचला, कालाअंब में अनियंत्रित ट्राले...

पांवटा साहिब में ट्राले ने बाइक को कुचला, कालाअंब में अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आए कई वाहन

जिला सिरमौर में शुक्रवार देर रात दो सड़क हादसे पेश आए। पांवटा साहिब के पातलियों में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कालाअंब में नेशनल हाईवे-07 पर एक अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आने से कई वाहन आपस में टकरा गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

0

नाहन : जिला सिरमौर में शुक्रवार देर रात दो सड़क हादसे पेश आए। पांवटा साहिब के पातलियों में तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कालाअंब में नेशनल हाईवे-07 पर एक अनियंत्रित ट्राले की चपेट में आने से कई वाहन आपस में टकरा गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पहला हादसा पांवटा साहिब के पातलियों क्षेत्र में सामने आया। जाबिर निवासी पातलियों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी दुकान के बाहर यूटिलिटी यूनियन के पास नाहन रोड पर खड़ा था। रात करीब नौ बजे बातापुल की ओर से नाहन की तरफ जा रहे एक ट्राले ने मालवा कॉटन के समीप एक बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर तीन युवक सवार थे।

ये भी पढ़ें:  महिला स्टेज एंकर के समर्थन में सड़कों पर उतरे सैकड़ों लोग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

शिकायत के अनुसार ट्राला चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर बाइक को टक्कर मारी। हादसे के बाद चालक ट्राला को सड़क के बीच में छोड़कर मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में बाइक सवार मयंक, अंकित और सुखदेव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर रेफर किया गया और फिलहाल उनका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा है। पुलिस ने ट्राला चालक के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  सड़कों पर गिरे ल्हासे, आम जनजीवन अस्तव्यस्त, वाहन चालक और यात्री परेशान

उधर, कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार देर रात नेशनल हाईवे-07 पर टोल टैक्स बैरियर के समीप पुराने थाना भवन के सामने बड़ा सड़क हादसा पेश आया। रात करीब 10:30 बजे हुए इस हादसे में कई वाहन आपस में टकरा गए। यहां कालाअंब की ओर जा रहे एक लोड ट्राले ने एक ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे ट्रक घूमकर हाईवे किनारे बनी दुकानों से जा टकराया।

इस हादसे की चपेट में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की चंडीगढ़ जा रही बस, एक अन्य ट्रक, एक बाइक और एक स्कूटी भी आ गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। हालांकि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। बाद में यात्रियों को दूसरी बस के माध्यम से उनके गंतव्य की ओर भेजा गया। सूचना मिलने के बाद कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लेते हुए यातायात सुचारू करवाया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें:  IIM SIRMAUR ने की पर्यटन उद्योग के प्रमुखों की मेजबानी, छात्रों से किया सीधा संवाद