हिमाचल में फिर बस हादसा, बिना चालक अचानक खाई में लुढ़की यात्रियों से भरी बस, मची चीख-पुकार

हादसे के वक्त बस में करीब एक दर्जन सवारियां मौजूद थीं। जैसे ही बस सरकने लगी, यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार मच गई। इससे पहले कि सवारियां कुछ समझ पातीं, बस सड़क पर करीब 30 से 40 मीटर तक सीधे सरकते हुए पास ही खाई में जा गिरी।

0

चंबा : हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जिला चंबा के भटियात विधानसभा क्षेत्र के समोट कस्बे का है, जहां वीरवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। यहां समोट-ददरियाडा रूट पर चलने वाली एक निजी बस अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़क गई। गनीमत ये रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार घटना वीरवार सुबह करीब 9 बजे की है। निजी बस समोट कस्बे के टैक्सी स्टैंड के समीप चौक पर खड़ी थी और दूसरी बस की सवारियों का इंतजार कर रही थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान बस का चालक अपनी सीट पर नहीं था। इसी बीच बस न्यूट्रल हो गई और ढलान होने के कारण अपने आप आगे सरकने लगी।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक में बड़े फैसले, शिक्षा विभाग का पुनर्गठन, HRTC के बेड़े में शामिल होंगी ये नई बसें

हादसे के वक्त बस में करीब एक दर्जन सवारियां मौजूद थीं। जैसे ही बस सरकने लगी, यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। इससे पहले कि सवारियां कुछ समझ पातीं, बस सड़क पर करीब 30 से 40 मीटर तक सीधे सरकते हुए पास ही खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया। लोगों ने खाई में उतरकर बस में फंसी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि हादसे में यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आई। कुछ यात्रियों को एहतियातन प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

ये भी पढ़ें:  प्रधान हो तो ऐसा... अपने कार्यकाल का पूरा मानदेय ही पंचायत को कर दिया दान, बने प्रेरणास्रोत

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। गौरतलब हो कि वर्ष 2026 की शुरुआत के बाद हिमाचल में यह पांचवां बस हादसा सामने आया है। इससे पहले सिरमौर जिले में एक हादसे में 14 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भी प्रदेश में बस हादसे सामने आ चुके हैं।

ये भी पढ़ें:  बिरोजा फैक्ट्री नाहन के पास 85 लाख से सुधरेगी एनएच 907ए के 200 मीटर लंबे पैच की हालत, डंगे का कार्य शुरू