शिमला : इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद पत्नी को मृत बताकर एक युवक द्वारा दूसरी शादी करने का मामला सामने आया है। सच्चाई का पता चलने पर पीड़िता महिला थाना शिमला पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी को मृत बताया, उससे शादी की और बाद में जब सच पता चला तो उससे मारपीट कर धमकी भी दी।

पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात इंस्टाग्राम पर राजदीप सिंह नाम के व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और उसकी एक बेटी है। भरोसा होने पर महिला ने भी अपने बारे में पूरी जानकारी साझा कर दी। कुछ समय बाद आरोपी ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे महिला ने अपने और अपनी बेटी के भविष्य को देखते हुए स्वीकार कर लिया।
शिकायत के अनुसार 25 जुलाई 2025 को आरोपी ने जालंधर के एक चर्च में उससे शादी की। इसके बाद वह उसे पटियाला, पावर कॉलोनी अंबाला कैंट और अन्य स्थानों पर लेकर गया, जहां उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया गया है।
महिला का कहना है कि बाद में उसे पता चला कि आरोपी की पहली पत्नी जीवित है और दोनों के बीच तलाक भी नहीं हुआ है। जब उसने इस बारे में सवाल किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।



