बीबीएन : बद्दी क्षेत्र में युवक से मारपीट कर उसे डराकर जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के माध्यम से 23,260 रुपये ट्रांसफर करवाने के मामले में बद्दी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। घटना 27 फरवरी की शाम गोल मार्केट के पास हुई थी, जहां शिकायतकर्ता रजनीश यादव से मोबाइल छीनकर मारपीट की गई और उसके गूगल पे खाते से अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए गए।

हाउसिंग बोर्ड फेस-01 बद्दी निवासी रजनीश यादव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि ड्यूटी से लौटते समय पांच लोगों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर मारपीट की और भयभीत कर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवाया, इसके बाद धमकाकर मौके से भगा दिया। शिकायत पर पुलिस थाना बद्दी में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस की साइबर टीम ने UPI ट्रांजेक्शन की पड़ताल और बैंक खातों की ट्रैकिंग की, जबकि सीसीटीवी टीम ने आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर भूपेंद्र सिंह निवासी धखडू माजरा तहसील बद्दी, चंदन प्रसाद निवासी जिला गया, बिहार हाल निवासी बद्दी, गोलू कुमार निवासी जिला गोपालगंज बिहार, मोहम्मद आफताव और मोहम्मद फरमान निवासी जिला बरेली, उत्तरप्रदेश हाल निवासी बद्दी को गिरफ्तार किया है।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया है कि ये आरोपी भोले-भाले लोगों को जुआ और सट्टा खेलने का लालच देते थे और बाद में उन्हें डराकर मोबाइल छीनकर जबरन ऑनलाइन ट्रांजेक्शन करवा लेते थे। आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे अन्य मामलों में भी शामिल रहे हैं या नहीं। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुटी है।



