बिलासपुर : सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव कोसरियां में एक प्रवासी महिला की हत्या का मामला सामने आया है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला की पहचान गुड़िया देवी (36) पत्नी गोविंद राम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गोविंद राम अपनी पत्नी गुड़िया देवी और भाई के साथ गांव कोसरियां में किराए के कमरे में रह रहा था, जहां ये खौफनाक वारदात सामने आई। यहां महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट से बंद कर दिया गया। आरोप है कि इस वारदात को महिला के पति और देवर ने मिलकर अंजाम दिया और हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार होकर अपने मूल गांव झारखंड चले गए। वारदात स्थल के समीप तेज दुर्गंध ने इस खौफनाक मामले को उजागर किया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद कई दिनों तक जब महिला से कोई संपर्क नहीं हो पाया तो उसके मायके पक्ष को अनहोनी की आशंका हुई। परिजन उसकी तलाश में बिलासपुर पहुंचे तो किराये के मकान में ताला जड़ा मिला। इस पर संदेह और गहरा गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान घर के पास बने सेप्टिक टैंक पर पुलिस की नजर गई, जिस पर ताजा सीमेंट लगी हुई थी। टैंक को खुलवाने पर उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर महिला के पति और देवर की भूमिका सामने आई है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।



