HomeCrimeहिमाचल में हत्या के बाद सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, दुर्गंध से...

हिमाचल में हत्या के बाद सेप्टिक टैंक में छिपाया शव, दुर्गंध से खुला खौफनाक राज, पति और देवर फरार

आरोप है कि इस वारदात को महिला के पति और देवर ने मिलकर अंजाम दिया और हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार होकर अपने मूल गांव झारखंड चले गए। घर से उठी तेज दुर्गंध के बाद यह खौफनाक मामला उजागर हुआ।

बिलासपुर : सदर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव कोसरियां में एक प्रवासी महिला की हत्या का मामला सामने आया है। इससे इलाके में सनसनी फैल गई है। महिला की पहचान गुड़िया देवी (36) पत्नी गोविंद राम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार गोविंद राम अपनी पत्नी गुड़िया देवी और भाई के साथ गांव कोसरियां में किराए के कमरे में रह रहा था, जहां ये खौफनाक वारदात सामने आई। यहां महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से सीमेंट से बंद कर दिया गया। आरोप है कि इस वारदात को महिला के पति और देवर ने मिलकर अंजाम दिया और हत्या के बाद दोनों आरोपी फरार होकर अपने मूल गांव झारखंड चले गए। वारदात स्थल के समीप तेज दुर्गंध ने इस खौफनाक मामले को उजागर किया।

ये भी पढ़ें:  जनगणना- 2027 के लिए फील्ड प्रशिक्षकों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू, अधिकारियों को निष्ठा से कार्य करने के निर्देश

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद कई दिनों तक जब महिला से कोई संपर्क नहीं हो पाया तो उसके मायके पक्ष को अनहोनी की आशंका हुई। परिजन उसकी तलाश में बिलासपुर पहुंचे तो किराये के मकान में ताला जड़ा मिला। इस पर संदेह और गहरा गया, जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मकान की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान घर के पास बने सेप्टिक टैंक पर पुलिस की नजर गई, जिस पर ताजा सीमेंट लगी हुई थी। टैंक को खुलवाने पर उसके अंदर से एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ जमा हो गई।

ये भी पढ़ें:  हैवानियत की सारी हदें पार कर गया कलयुगी बेटा, पुलिस ने क्राइम सीन रिक्रिएट करवा खोली परतें

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर महिला के पति और देवर की भूमिका सामने आई है। दोनों आरोपी वारदात के बाद से फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कई अहम खुलासे होने की संभावना है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें:  राष्ट्रीय स्तर की वीरगाथा स्पर्धा में जुन्गा के शौर्य ने पाया टॉप 100 में स्थान, दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर मिलेगा ईनाम
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More