हिमाचल में जमीनी और पैसों के विवाद में कर दी पिता की हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार

कांगड़ा जिले के नगेहड़ गांव में सोमवार देर रात एक मामूली पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मां से पैसे मांगने को लेकर शुरू हुए झगड़े के दौरान बेटे ने बीच-बचाव करने आए अपने पिता पर सीने में वार कर दिया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई।

0

बैजनाथ : कांगड़ा जिले के नगेहड़ गांव में सोमवार देर रात एक मामूली पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। मां से पैसे मांगने को लेकर शुरू हुए झगड़े के दौरान बेटे ने बीच-बचाव करने आए अपने पिता पर सीने में वार कर दिया, जिससे बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुरेंद्र कुमार देर रात अपनी मां से पैसों की मांग कर रहा था। मां के इनकार करने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। शोर सुनकर आरोपी का छोटा भाई भी मौके पर पहुंचा और मां को बचाने की कोशिश की, लेकिन सुरेंद्र ने उस पर भी हमला कर दिया।

ये भी पढ़ें:  सड़क दुर्घटना के मामले में दोषी को डेढ़ साल की कैद, अदालत ने सुनाया फैसला

घर में बढ़ते हंगामे को देख पिता जगदीश चंद बीच-बचाव के लिए आगे आए। इसी दौरान आरोपी ने गुस्से में आकर उनके सीने पर तेज वार कर दिया। वार लगते ही जगदीश चंद (78) मौके पर ही गिर पड़े। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जांच में सामने आया है कि जगदीश चंद दिल के मरीज थे और उनके हार्ट में स्टेंट भी डाले गए थे। माना जा रहा है कि गंभीर चोटों के चलते उनकी जान चली गई। पुलिस के मुताबिक जगदीश चंद सेना से सेवानिवृत्त थे और उन्होंने करीब 20 वर्ष पहले सुरेंद्र की मां से दूसरी शादी की थी। आरोपी सुरेंद्र पेशे से ट्रक चालक बताया गया है। पुलिस को सौंपी शिकायत में मां ने ये भी बताया कि सुरेंद्र अकसर जमीन को लेकर झगड़े करता था, जबकि उसके पिता ने दोनों बेटों के घर बनाने में मदद की थी। आरोपी सुरेंद्र विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में रंग लाई बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ की मुहिम, इस पंचायत में 1000 लड़कों के मुकाबले 1500 लड़कियां

कांगड़ा के एसपी अशोक रत्न ने बताया कि घटना को लेकर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मंगलवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से चार दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई।