नाहन कॉलेज के विद्यार्थियों ने रोसिन एवं टर्पेन्टाइन फैक्ट्री का भ्रमण कर सीखीं औद्योगिक बारीकियां

इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न केवल औद्योगिक उत्पादन को करीब से देखा, बल्कि उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था, संगठनात्मक नीतियों, प्रबंधन प्रणाली और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त हुआ।

0

नाहन : डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नाहन के वाणिज्य, भौतिकी एवं अंग्रेजी विभागों द्वारा आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के सहयोग से रोसिन एवं टर्पेन्टाइन फैक्ट्री नाहन का एक विशेष औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक यात्रा में कॉमर्स, फिजिक्स, पर्यावरण और अंग्रेजी विभाग के कुल 92 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भ्रमण पर रवाना होने से पूर्व कॉलेज परिसर में प्राचार्य डॉ. विभव कुमार शुक्ला और अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक नेगी ने विद्यार्थियों को प्रेरणात्मक संबोधन दिया और इस शैक्षणिक यात्रा के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। औद्योगिक भ्रमण का औपचारिक शुभारंभ फैक्ट्री के महाप्रबंधक सार्थक प्रशार (IFS) के संबोधन के साथ हुआ।

ये भी पढ़ें:  बादल फटने की घटना के बाद पंडोह डैम में एकत्रित वन लकड़ियों की जांच करेगी CID

उन्होंने विद्यार्थियों को फैक्ट्री के कार्य संचालन, ऐतिहासिक महत्व और भविष्य की औद्योगिक संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं, जिनका महाप्रबंधक ने उत्तर दिया। इसके बाद शर्मिला ने विद्यार्थियों को पूरी फैक्ट्री का भ्रमण कराया और उत्पादन प्रक्रिया के हर चरण की बारीकी से जानकारी दी। उन्होंने फैक्ट्री में तैयार होने वाले विभिन्न उत्पादों और उनके प्रसंस्करण की वैज्ञानिक विधियों से छात्रों को अवगत कराया।

इस भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने न केवल औद्योगिक उत्पादन को करीब से देखा, बल्कि उन्हें प्रशासनिक व्यवस्था, संगठनात्मक नीतियों, प्रबंधन प्रणाली और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों के साथ इस शैक्षणिक यात्रा में आईक्यूएसी समन्वयक प्रो. रीना चौहान, फिजिक्स विभाग से प्रो. ऋचा, पर्यावरण विज्ञान से प्रो. रजत और कॉमर्स संकाय से प्रो. शुभम भी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  नालागढ़ में पुलिस की बड़ी कार्रवाई : इस अवैध हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार