HomeHimachalहिमाचल में व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, दरिंदों ने लाश के साथ...

हिमाचल में व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, दरिंदों ने लाश के साथ की ऐसी क्रूरता, रोंगटे खड़े कर देगी ये वारदात

दरिंदों ने मृतक व्यक्ति की लाश के साथ ऐसी क्रूरता की कि इस वारदात का खुलासा होने के बाद न केवल पुलिस दंग रह गई बल्कि इस हत्याकांड ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए. हालांकि मामला जिला सोलन में दर्ज किया गया है, लेकिन इस जुर्म के तार जिला सिरमौर से भी जुड़े हैं.

सोलन। सिरमौर
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में हत्या की वारदात के बाद प्रदेश में एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या का एक और मामला सामने आया है, जिसने पूरे प्रदेश में सनसनी फैला दी है. दो आरोपियों ने जहां एक व्यक्ति की बंदूक से गोली मारकर हत्या कर दी, तो वहीं इस जुर्म पर पर्दा डालने के लिए इन दोनों दरिंदों ने मृतक व्यक्ति की लाश के साथ ऐसी क्रूरता की कि इस वारदात का खुलासा होने के बाद न केवल पुलिस दंग रह गई बल्कि इस हत्याकांड ने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए. हालांकि मामला जिला सोलन में दर्ज किया गया है, लेकिन इस जुर्म के तार जिला सिरमौर से भी जुड़े हैं.

पुलिस के अनुसार 24 जनवरी को यशपाल निवासी सपरून तहसील व जिला सोलन ने थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 18 जनवरी को उसका साला सोमदत्त उर्फ सोनू (38) निवासी गांव पलहेच, डाकखाना नारग, तहसील पच्छाद, जिला सिरमौर उनके घर आया था, क्योंकि उसकी पत्नी काफी समय से बीमार चल रही थी. इसी बीच 21 जनवरी को उनका साला सोनू घर के साथ लगते जंगल की तरफ यह कहकर गया था कि यह लकड़ियां लाने जा रहा है, लेकिन यह उसके बाद वापिस नहीं लौटा.

शिकायतकर्ता यशपाल ने पुलिस को बताया कि उसी शाम को सोनू ने उसकी बेटी को फोन करके बतलाया कि यह थोड़ी देर में आ जाएगा, परंतु सोनू फोन करने के काफी समय बाद भी जब घर नहीं लौटा तो उन लोगों ने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन स्विच ऑफ मिला. इसके बाद उन लोगों ने सोनू की तलाश अपने स्तर पर जंगल में की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला. इस पर उन्होंने 23 जनवरी को थाना सदर सोलन में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई. इस पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की.

ये भी पढ़ें:  सड़क दुर्घटना के मामले में दोषी को डेढ़ साल की कैद, अदालत ने सुनाया फैसला

आरोपी वाटर पंप पर करते थे काम
स्थानीय निवासियों ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि 21 जनवरी की शाम को उन्होंने दो अन्य लोगों को भी उसी जंगल की तरफ जाते देखा, जिनकी पहचान वहां वाटर पंप हाउस पर काम करने वाले भुट्टो राम और सुल्तानपुर निवासी संदीप उर्फ अजय के तौर पर हुई. इन्हें शिकार करने के लिए जंगल की तरफ जाते देखा गया था. जबकि सोनू भी अपने जीजा के पड़ोसी के घर से बंदूक लेकर जंगल की तरफ गया था.
शिकायतकर्ता यशपाल ने अपनी उपरोक्त शिकायत में शक जाहिर किया था कि भुट्टो व संदीप उर्फ अजय ने उसके साले सोमदत उर्फ सोनू की गोली मारकर हत्या कर दी है. इस पर उपरोक्त मामले में पुलिस थाना सदर सोलन में हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया.

पुलिस को गुमराह करने का किया प्रयास
जांच के दौरान पुलिस टीम ने उपरोक्त दोनों व्यक्तियों की 21 जनवरी की सीडीआर टावर लोकेशन का विश्लेषण किया, जिसके आधार पर इन दोनों व्यक्तियों को ट्रेस करके इनसे पूछताछ अमल में लाई गई. इस दौरान पाया गया कि इन दोनों व्यक्तियों ने पुलिस टीम को गुमराह करने का भरसक प्रयास किया.

बंदूक की गोली लगने से सोनू की हुई मौत
जांच में पाया गया कि भुट्टो राम और संदीप सोलन के साथ लगते जंगल सुमति में शिकार खेलने गए थे. ये दोनों अपनी-अपनी गाड़ियां सड़क के किनारे खड़ी करके जंगल में चले गए. ठीक उसी समय सोमदत उर्फ सोनू भी शिकार खेलने के लिए अपने जीजा के पड़ोसी की बंदूक लेकर उसी जंगल में गया हुआ था. शिकार के दौरान संदीप उर्फ अजय ने अपनी बंदूक से गोली चला दी, जो दूसरी तरफ शिकार खेल रहे सोनू के सिर पर लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

ये भी पढ़ें:  नाहन जेल को मिली एंबुलेंस, अब कैदियों को तुरंत मिलेगी चिकित्सा सुविधा

फिर लाश को सिरमौर की एक गुफा में लाए
पुलिस के अनुसार इस वारदात के बाद दोनों आरोपियों ने साक्ष्यों को मिटाने की नियत से मृतक की लाश को अपने साथ रखे प्लास्टिक के कट्टे में डाल दिया. लाश को ये दोनों अपनी गाड़ी में सिरमौर जिला के वासनी जंगल में एक गुफा में ले गए. जाने से पहले इन दोनों आरोपियों ने अपने-अपने मोबाइल फोन एक गाड़ी में ही रख दिए थे, ताकि इनकी लोकेशन को पुलिस ट्रेस न कर सके.

धड़ से अलग कर दी लाश की गर्दन
इसके बाद गुफा में रात को ही इन दोनों आरोपियों ने मृतक सोमदत उर्फ सोनू की गर्दन को दराट से काटकर धड़ से अलग कर दिया. गुफा में ही धड़ को आग लगाकर मृतक के सिर को अपने साथ लेकर वहां से वापिस आ गए, ताकि मृतक के शव की पहचान न की जा सके.

सुल्तानपुर ले गए सिर, आग के हवाले किया
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मृतक सोनू के सिर को सुल्तानपुर के जंगल में ले जाकर आग लगाने के बाद जमीन में गाड़ दिया. आरोपियों ने मृतक के मोबाइल फोन को भी तोड़कर फैंक दिया था. साथ ही मृतक की बंदूक को भी छिपा दिया था.

ये भी पढ़ें:  मेहनतकश हाथों को मिला कामगार कल्याण बोर्ड का सहारा, बच्चों के सपनों में भरे रंग

फॉरेंसिक टीम ने किया निरीक्षण
सोलन थाना की पुलिस टीम द्वारा मृतक सोमदत उर्फ सोनू के धड़ और गर्दन को आरोपियों द्वारा वासनी जंगल की गुफा (जिला सिरमौर) व सुल्तानपुर (जिला सोलन) के जंगल में जिस जगह पर छिपाया था, उन स्थलों की शिनाख्त कर ली गई है, जिनका फॉरेंसिक टीम जुन्गा के साथ निरीक्षण किया जा रहा है. आरोपी संदीप ने मृतक की बंदूक को अपने घर के पास ही छिपा दिया था, जो आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पास से बरामद कर ली गई है. आरोपियों ने मृतक को सोमदत्त उर्फ सोनू बतलाया है और अपना जुर्म कबूल कर लिया है.

क्या कहते हैं एसपी सोलन
एसपी सोलन गौरव सिंह ने बताया कि हत्या के इस मामले में आरोपी भुट्टो राम (48) पुत्र हरिराम निवासी रिहूं पदमोल डाकघर वार बोहली तहसील व जिला सोलन और संदीप कुमार (41) पुत्र धनी राम निवासी गांव व डाकखाना सुल्तानपुर तहसील व जिला सोलन को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसके अतिरिक्त आरोपी संदीप उर्फ अजय की बंदूक 12 बोर, जिंदा कारतूस को भी जब्त किया गया है. दोनों आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकार्ड की पड़ताल की जा रही है. मृतक शव की शिनाख्त तकनीकी फॉरेंसिक जांच के आधार पर भी की जा रही है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More