घुमारवीं (बिलासपुर) : नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने बुधवार को घुमारवीं में भवानी ई-लाइब्रेरी का विधिवत शुभारंभ किया। भवानी ई-लाइब्रेरी में युवाओं को आधुनिक तकनीकी सुविधाओं से युक्त विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतरीन वातावरण की सुविधा प्राप्त होगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि इस ई-लाइब्रेरी में एक समय में लगभग 100 विद्यार्थी बैठकर अध्ययन कर सकते हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यहां 24 घंटे हाई-स्पीड वाई-फाई ( Wi-Fi) उपलब्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त पूरी लाइब्रेरी को पूर्णतः वातानुकूलित (एयर कंडीशंड) बनाया गया है, ताकि सभी मौसम में विद्यार्थी आरामदायक वातावरण में पढ़ाई कर सकें।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं में इस प्रकार की आधुनिक ई-लाइब्रेरी शुरू होने से प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा तथा अन्य परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा। भवानी ई-लाइब्रेरी के माध्यम से जहां विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण मिलेगा तो वहीं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अधिक प्रभावी ढंग से हो सकेगी। ई-लाइब्रेरी की सदस्यता के लिए प्रतिमाह एक हजार रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है।
उन्होंने आशा व्यक्त की कि भवानी ई-लाइब्रेरी क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठाकर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करने में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर ई-लाइब्रेरी के संचालक मंजीत कुमार, रितेश, बस यूनियन के प्रधान अनिल मिंटू अभिभावक, विद्यार्थी तथा अन्य लोग उपस्थित रहे।
