बिलासपुर : हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे दिल्ली के श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर बुधवार को हादसे का शिकार हो गई। कोला वाला टोबा के पास संनटीना यात्री निवास के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर लुढ़क गया, जिससे वाहन में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में करीब 15 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें तीन से चार छोटे बच्चे भी शामिल थे। सभी श्रद्धालु माता श्री नैना देवी के दर्शन कर दिल्ली लौट रहे थे। हादसे में कई श्रद्धालुओं को चोटें आईं हैं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार का बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय निवासियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इसी बीच पुलिस को भी सूचित किया गया, जिसके बाद कोट थाना प्रभारी हरनाम सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और एंबुलेंस व अन्य निजी वाहनों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
कोट थाना प्रभारी हरनाम सिंह ने बताया कि श्रद्धालु नैना देवी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। उधर, प्रशासन ने पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।
