बराड़ा/धौलाकुआं : हरियाणा के अंबाला जिले से लापता हुई 32 वर्षीय ट्यूशन टीचर की हत्या का ऐसा सनसनीखेज खुलासा हुआ है जिसने हरियाणा और हिमाचल दोनों राज्यों में हड़कंप मचा दिया है। प्रेम प्रसंग, जहर, बैग में बंद लाश और फिर हिमाचल के जंगल में शव जलाने की इस खौफनाक वारदात ने पुलिस जांच को भी फिल्मी मोड़ दे दिया। मामले में आरोपी संदीप कुमार निवासी जनकपुरी कॉलोनी, बराड़ा को पांवटा साहिब के समीप बातापुल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।
डीएसपी सुरेश शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा करते हुए बताया कि मृतका अमनदीप (32) अंबाला क्षेत्र में बच्चों को ट्यूशन पढ़ाने वाली मैथ टीचर थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अमनदीप और आरोपी संदीप कुमार के बीच कहीं न कहीं प्रेम प्रसंग था। वारदात वाले दिन आरोपी ने अमनदीप को अंबाला स्थित एक किराये के कमरे में बुलाया, जहां कथित तौर पर कोल्ड ड्रिंक में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बड़े बैग में पैक किया और सबूत मिटाने की साजिश रच डाली। पुलिस के मुताबिक संदीप ने एक मोटरसाइकिल रेहड़ी चालक को 100 रुपये देकर बैग को गली से बाहर खड़ी अपनी स्विफ्ट डिजायर कार तक पहुंचवाया। इसी दौरान आरोपी की संदिग्ध गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गईं। फुटेज में आरोपी कई बार ऊपर-नीचे आता-जाता और भारी बैग ले जाते दिखाई दिया, जिसने पूरे मामले का राज खोल दिया।
जांच में सामने आया कि हत्या अंबाला के बराड़ा क्षेत्र में की गई, जबकि शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में पहुंचा। पांवटा साहिब उपमंडल की कोलर पंचायत में नेशनल हाईवे-07 से करीब 100 मीटर दूर घने जंगल में उसने शव पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, ताकि पहचान मिटाई जा सके। पिछले कल ही जंगल में अधजला शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी, जिसके बाद माजरा पुलिस ने जांच शुरू की थी।
हरियाणा के जिला अंबाला की बराड़ा पुलिस, सिरमौर की माजरा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी संदीप कुमार को बातापुल क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शव को रेहड़ी पर ले जाते समय आरोपी एक अन्य व्यक्ति के साथ दिखाई दिया था। हालांकि रेहड़ी चालक ने पूछताछ में दावा किया कि उसे बैग के अंदर क्या है इसकी कोई जानकारी नहीं थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस जघन्य वारदात में और कौन-कौन शामिल था। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड मांगी जाएगी, ताकि हत्या के पीछे की पूरी साजिश और मकसद का खुलासा हो सके।
डीएसपी सुरेश शर्मा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह सुनियोजित हत्या थी, जिसमें आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए शव को दूसरे राज्य में ले जाकर जलाने की कोशिश की। पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर हत्या से जुड़ी इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करेगी।
- ये भी पढ़ें : अंबाला में कत्ल… हिमाचल के जंगल में जलाया शव! धौलाकुआं कांड में प्रेम प्रसंग का खुलासा, आरोपी दबोचा
- ये भी पढ़ें : सिरमौर: जंगल में मिली महिला की जली लाश, खौफनाक वारदात से इलाके में सनसनी
- ये भी पढ़ें : स्कूल पहुंचने से पहले बुझ गई जिंदगी: मंडी में तेज रफ्तार टैंपो ने 11वीं की छात्रा को कुचला, गई जान
- ये भी पढ़ें : हिमाचल में भयानक हादसा, शिकारी देवी से लौट रहे श्रद्धालुओं की कार 300 फीट खाई में गिरी, दो की मौत
