शिमला : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को एयरपोर्ट रोड़ डीएवी स्कूल के समीप मजठाई में भाजपा प्रदेश कार्यालय का विधिवत शिलान्यास किया।
शिलान्यास स्थल पर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य और गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। नड्डा ने 45 मिनट तक चले विधि-विधानपूर्ण शिलान्यास पूजन में भाग लिया और इसके बाद शिलान्यास पट्टिका का अनावरण किया।
भूमि निरीक्षण के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने प्रस्तावित भवन योजना का विस्तृत विवरण राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदान किया। इस दौरान नड्डा ने कार्यालय परिसर की संरचना, कार्यात्मक जरूरतों और भविष्य की उपयोगिता पर भी मार्गदर्शन दिया।
नड्डा द्वारा कलश स्थापना किए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। शिलान्यास के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ चाय पर संवाद भी किया, जिसमें संगठनात्मक मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन सहित प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा, सतपाल सत्ती, सुरेश कश्यप, राजीव भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






