Home Himachal Hamirpur अफवाहों और भ्रांतियों पर न करें विश्वास, जिला हमीरपुर में रसोई गैस...

अफवाहों और भ्रांतियों पर न करें विश्वास, जिला हमीरपुर में रसोई गैस की कोई कमी नहीं

जिला हमीरपुर में 10 गैस एजेंसियां हैं। इनमें 4536 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त जिला में पेट्रोल 4,41,814 लीटर और डीजल 4,75,854 लीटर का स्टॉक उपलब्ध है, जो जिला की खपत के अनुसार पर्याप्त है।

0

हमीरपुर : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के जिला नियंत्रक शिव राम ने बताया कि जिला हमीरपुर में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने रसोई गैस की कमी की सभी अफवाहों, शंकाओं और भ्रांतियों को पूरी तरह निराधार बताया और आम लोगों से इन पर विश्वास न करने की अपील की है। जिला नियंत्रक ने सभी उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया है कि जिला में गैस सिलेंडरों व पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त मात्रा में आपूर्ति प्राप्त हो रही है और जिला में इनका पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।

उन्होंने बताया कि जिला हमीरपुर में 10 गैस एजेंसियां हैं। इनमें 4536 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त जिला में पेट्रोल 4,41,814 लीटर और डीजल 4,75,854 लीटर का स्टॉक उपलब्ध है, जो जिला की खपत के अनुसार पर्याप्त है। जिला में गैस सिलेंडरों व पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है। जिसके बाधित होने की कोई आशंका नहीं है।

ये भी पढ़ें:  8 व 9 दिसंबर को भटियात विधानसभा क्षेत्र के प्रवास पर रहेंगे विधानसभा अध्यक्ष

उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की जमाखोरी एवं कालाबाजारी रोकने के लिए पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने 25 दिनों की इंटर बुकिंग सुविधा शुरू की है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार गैस सिलेंडरों की आपूर्ति हो सके। जमाखोरी व कालाबाजारी को रोकने के लिए विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है और व्यापारिक संस्थानों में घरेलु गैस सिलेंडरों का प्रयोग किए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

जिला नियंत्रक ने सभी उपभोक्ताओं से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि विभाग उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल की मृदुला श्रीवास्तव को भूटान में मिलेगा 'साहित्य शिरोमणि सम्मान'